Varanasi: 'तुम्हें गोली मारकर शव के 40 टुकड़े करेंगे', युवती की शादी तय होने से नाराज युवक ने भेजा वीडियो
वाराणसी की एक युवती की शादी तय होने से नाराज उसके पूर्व परिचित ने युवक ऐसा काम किया जिससे युवती का परिवार दहशत में है। युवक वीडियो भेज कर कहा कि गोली मार कर शव के 40 टुकड़े कर दूंगा।
विस्तार
वाराणसी के पांडेयपुर क्षेत्र की एक युवती की शादी तय होने से नाराज उसके पूर्व परिचित ने जानमाल के साथ ही बदनाम करने की धमकी दी। फायरिंग करते हुए वीडियो भेज कर कहा कि इसी रिवॉल्वर से गोली मार कर शव के 40 टुकड़े कर दूंगा। जिस युवक से युवती की शादी होने वाली थी उसे भी फोन कर धमकाया।
नतीजतन, युवती की शादी टूट गई। इसके बाद भी धमकी का सिलसिला जारी रहा तो युवती ने कैंट थाने की पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी पांडेयपुर निवासी विक्रम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
23 अप्रैल को तय थी सगाई
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि विक्रम उनकी बेटी का पूर्व परिचित है। उनकी बेटी की शादी तय हो गई और 23 अप्रैल को उसकी सगाई होने वाली थी। इससे विक्रम नाराज हो गया। जिस युवक से उनकी बेटी की शादी होने वाली थी उसे फोन कर धमकाने लगा। साथ ही, उनकी बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने की भी धमकी देने लगा।
ये भी पढ़ें: घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी तय होने पर प्रेमिका के घर में घुसा शादीशुदा प्रेमी, आत्मदाह करने की कोशिश
धमकी से आहत होकर लड़का पक्ष के लोगों ने शादी तोड़ दी। शादी टूटने के बाद उनकी बेटी को विक्रम ने दो वीडियो भेजे। वीडियो में वह रिवाल्वर से फायरिंग करते दिख रहा है। साथ ही, कह रहा था कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो इसी रिवाल्वर से हत्या कर शव के 40 टुकड़े कर देगा। विक्रम की धमकी से पूरा परिवार भयभीत है।
युवती के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी विक्रम के खिलाफ रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे के साथ लिव इन रिलेशन से रिश्तों में दूरी तक...समर सिंह से पुलिस ने पूछे ये 25 सवाल