वाराणसीः बेफिक्री में नए साल के जश्न की तैयारी, ज्यादातर होटलों में नहीं है फायर फाइटिंग की व्यवस्था
इसका अहम कारण यह है कि नए साल के आयोजन के लिए दो दिन शेष रहने के बावजूद किसी भी होटल ने अग्निशमन विभाग से आयोजन के लिए एनओसी नहीं ली है। कैंटोनमेंट व शहर के बीच में स्थित कुछ होटलों को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर में आग से बचने और लड़ने के इंतजाम ही नदारद हैं।
जानकारों की मानें तो कई होटल में आग लगने के बाद वहां से निकलने तक के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। 100 से ज्यादा होटलों में तो हाइड्रेंट दूर, उनके परिसर में बाल्टी और बालू तक नहीं रखा गया है। नए साल के जश्न के दौरान अगर आपातकालीन स्थिति आ जाए तो कोई कुछ भी नहीं कर सकेगा।
होटलों में लगे हैं आउटडेटेड फायर इस्टींग्यूसर
होटलों में फायर इस्टींग्यूसर तो लगा दिए गए हैं पर वह आउटडेटेड हैं। गलियों में तो ऐसे-ऐसे होटल है जहां मानकों की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। बावजूद इसके यहां मध्य वर्ग के लिए नए साल के जश्न की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश राय का कहना है कि नए साल पर आयोजन के लिए किसी भी होटल ने अब तक अनुमति नहीं ली है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आग लगने की सूचना कोई भी व्यक्ति 100 और 101 पर सूचना दे सकता है। ऐहतियाती तौर पर अग्निशमन वाहन 31 दिसंबर की शाम से ही शहर के चार स्थानों पर मौजूद रहेंगे।