सोनभद्र: खेत में टूट कर गिरा 11000 वोल्टेज का तार, करंट से किसान की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र के सदर कोतवाली क्षेत्र के बरकरा गांव में रविवार को जर्जर 11 हजार वोल्टेज का तार टूट कर खेत में गिर गया। करंट की चपेट में आने से किसान नारसिंह 55 की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। उधर बिजली के जर्जर तारों को न बदले जाने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उन्होंने तत्काल जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की है।
रविवार की दोपहर करीब तीन बजे बरकरा गांव निवासी नारसिंह पटेल अपने खेत पर किसी काम से जा रहे थे। लेकिन रास्ते में वह 11 हजार वोल्टेज के टूट कर गिरे तार की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम तक नारसिंह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग उनकी खोजबीन में जुट गए। इस दौरान कुछ लोगों ने नारसिंह को बिजली के तार के पास मृत अवस्था में देखा।
मृतक के घरवालों ने बिजली विभाग को तार टूटने की जानकारी देकर आपूर्ति ठप कराते हुए शव को घर ले गए। कोतवाल अंजनी कुमार राय ने बताया कि करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाले किसान नारसिंह के शव का पोस्टमार्टम करा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया।
उधर ग्रामीण अनिल सिंह, पंचम, सुनील कुमार सिंह, राजू, राकेश ओम प्रकाश, बब्बू आदि ग्रामीणों ने कहा कि गांव से होकर गुजरने वाले बिजली के अधिकांश तार जर्जर हो चुके है। कई पोलों के तार ढीले होकर झूल रहे हैं। इसकी जानकारी होने के बाद भी बिजली कर्मी तारों को दुरुस्त नहीं करा रहे हैं। अगर ठीक कराए होते तो नारसिंह की मौत नहीं हुई होती। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल जर्जर तारों को बदलवाते हुए झूल रहे तारों को ठीक कराने की मांग की है। ताकि दोबारा करंट की चपेट में कोई व्यक्ति न आए।