Varanasi News: अस्पतालों में लगे हेल्थ एटीएम का नहीं मिल पा रहा लाभ, आधे से अधिक खराब; मरीज परेशान
Varanasi News: वाराणसी में हेल्थ एटीएम का लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। अधिकत खराब हो चुके हैं। शुगर, ब्लड प्रेशर, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), ब्लड ग्रुप की जांच के लिए मरीजों को मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है।
विस्तार
जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सुविधा के लिए लगाए गए हेल्थ एटीएम खुद बदहाली का शिकार हैं। जिन मशीनों से आमजन को सस्ती और तत्काल जांच सुविधा देने का दावा किया गया था, वे या तो खराब पड़ी हैं या फिर उनका समुचित उपयोग ही नहीं हो पा रहा है। नतीजा यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी व्यवस्था अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है।
जिले में करीब 1.66 करोड़ रुपये की लागत से कुल 24 हेल्थ एटीएम विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित किए गए थे। इनमें से कुछ मशीनें सीएसआर फंड के जरिये तो कुछ विधायक निधि से लगाई गई थीं। उद्घाटन के दौरान कहा गया था कि इन हेल्थ एटीएम से शुगर, ब्लड प्रेशर, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), ब्लड ग्रुप सहित 50 से अधिक तरह की जांचें आसानी से हो सकेंगी।
मरीजों को परेशानी
इससे पैथोलॉजी लैब पर दबाव कम होगा और मरीजों को समय व पैसे दोनों की बचत मिलेगी। लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट सामने आ रही है।दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल समेत कई प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में हेल्थ एटीएम या तो पूरी तरह बंद पड़े हैं या फिर खराब हालत में हैं।
दीनदयाल अस्पताल में लगी मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है और उसे संचालित करने के लिए कोई जिम्मेदार कर्मी तैनात नहीं है। इसी तरह कचहरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम को चलाने की जानकारी न होने के कारण उसे एक कमरे में बंद करके रख दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हेल्थ एटीएम अभी भी चालू हैं, लेकिन वहां भी सभी जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
कई बार तकनीकी खराबी, तो कई बार रीजेंट और मेंटेनेंस के अभाव में जांच अधूरी रह जाती है। इससे मरीजों को अंततः निजी पैथोलॉजी लैब का ही सहारा लेना पड़ रहा है। विकास भवन में लगा हेल्थ एटीएम भी कुछ समय पहले तक खराब पड़ा रहा। कर्मचारियों के अनुसार, लगातार तकनीकी दिक्कतों के चलते लगभग दो महीने पहले उसे वहां से हटा दिया गया।
जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम लगवाया गया है। अधिकांश को शुरू कराया गया है। जिन अस्पतालों में बंद पड़ा है, वहां के प्रभारी से बात करके उसे जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ।