यूपी: मिर्जापुर की पहाड़ी पर संदिग्ध हालत में मिला हेड कांस्टेबल का शव, हत्या की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवा पहाड़ी पर रविवार की सुबह जौनपुर के एक थाने पर तैनात चंदौली निवासी हेड कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि हेड कांस्टेबल की सिर कूंचकर व गलाकस कर हत्या की गई है।
शव की सूचना पर पुलिस अधीक्षक, फॉरेंसिक व क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में लगी है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हादसा मान रही है।
चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र स्थित कौड़िहार निवासी शशिकांत सिंह(42) जौनपुर के सरायख्वाजा थाने पर 2015 से हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। इससे पहले ट्रेनिंग के बाद जमालपुर थाने पर पहली पोस्टिंग हुई थी। 27 नवंबर को वह छुट्टी लेकर घर आया था।
शनिवार की दोपहर दो बजे चकिया निवासी किसी का फोन शशिकांत के पास आया। इसके बाद वह अपनी कार लेकर घर से निकल गया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। मोबाइल पर फोन किया, पर फोन नहीं उठा।
देर रात दो बजे चकिया पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। परिजन शशिकांत को ढूंढते हुए शेरवा बाजार जमालपुर आए, जहां उसकी गाड़ी खड़ी मिली। इसके बाद इनके भाई विजयकान्त सिंह ने थाना जमालपुर पर आकर घटना की पूरी जानकारी दी।
थाना प्रभारी जमालपुर ने हेड कांस्टेबल के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवाया और लोकेशन के आधार पर शेरवा पहाड़ी पर गए। दो किमी अंदर जाने पर शशिकांत का शव मिला। तुरंत थाना चकिया को भी सूचना दी गई।
पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर अजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी चुनार के साथ मौके पर पहुंचे। हेड कांस्टेबल के सिर में चोट लगी है। शव देख कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया हादसा बता रही है। जबकि कांस्टेबल की कार पहाड़ी के नीचे बाजार में खड़ी थी, उसका शव पहाड़ी के ऊपर मिला है। शेरवा पहाड़ी पर होने वाले बड़े जुआ संचालकों पर भी हत्या कराने की चर्चा है।