Gyanvapi Survey: ज्ञानवापी के एएसआई सर्वे का मसाजिद कमेटी ने क्यों किया बहिष्कार? संयुक्त सचिव ने बताए ये कारण
वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में हो रहे एएसआई सर्वे का मुस्लिम पक्ष (अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी) ने बहिष्कार किया। मुस्लिम पक्ष की तरफ से कहा गया कि हमारी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने सर्वे के औचित्य पर सवाल उठाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर के सील वजूखाने को छोड़कर शेष हिस्से का सर्वे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सोमवार सुबह सात बजे से शुरू कर दिया। हालांकि करीब साढ़े पांच घंटे बाद सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद सर्वे रोक दिया गया। इस दौरान हिंदू पक्ष की चार वादिनी महिला व उनके चार अधिवक्ता मौजूद रहे। मुस्लिम पक्ष यानी अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी ने सर्वे का बहिष्कार किया। उन्होंने अपने इस फैसले का बचाव किया।
मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई की जानकारी प्रशासन व एएसआई की टीम को पहले ही दी गई थी। साफ किया गया था कि कमेटी का ध्यान सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर रहेगा। सर्वे में कोई भी शामिल नहीं हो सकेगा।
मुस्लिम पक्ष ने सर्वे के औचित्य पर सवाल उठाए और कहा कि जिला अदालत के एक फैसले पर पहले से ही इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है। हाईकोर्ट के सर्वे से संबंधित आदेश पर सुप्रीम कोर्ट की रोक है। ऐसे में सर्वे का आदेश न्यायहित में नहीं है।
ये भी पढ़ें: ज्ञानवापी मंदिर है या मस्जिद? एएसआई सर्वे से सामने आएगा 353 साल की लड़ाई का सच
मुस्लिम पक्ष मामले को लटकाना चाहता है
सर्वे के बाद ज्ञानवापी परिसर से बाहर आए हिंदू पक्ष के अधिवक्ता अनुपम द्विवेदी ने मुस्लिम पक्ष पर असहयोग का आरोप लगाया। राखी सिंह के अधिवक्ता अनुपम द्विवेदी ने कहा कि मुस्लिम पक्ष इमारत का ताला ही खोलने को तैयार नहीं हो रहा था। मुस्लिम पक्ष मामले को लटकाना चाहता है, इसीलिए सर्वे का बहिष्कार किया। मुस्लिम पक्ष समस्या का समाधान नहीं चाहता है। एएसआई सर्वे से सच सामने आ जाएगा। पता चल जाएगा कि ज्ञानवापी मस्जिद है या मंदिर...। सर्वे में बाधा डालना समाज और न्यायहित में नहीं है। मुस्लिम पक्ष को जिद छोड़कर समाधान के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
ज्ञानवापी परिसर के आसपास रहा गहमागहमी का माहौल
एएसआई के सर्वे को लेकर ज्ञानवापी परिसर के आसपास के इलाके में सोमवार की सुबह से ही गहमागहमी रही। सावन के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने आए लोग ज्ञानवापी परिसर में सर्वे की बात जानकर हर-हर महादेव का उद्घोष करने लगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन और डीएम एस. राजलिंगम के साथ ही पुलिस-प्रशासन के आला अफसर श्री काशी विश्वनाथ धाम में मौजूद थे। डीसीपी सुरक्षा सूर्यकांत त्रिपाठी और एडीएम प्रोटोकॉल बच्चू सिंह एएसआई की टीम के साथ ज्ञानवापी परिसर में थे।
साढ़े पांच घंटे तक एएसआई टीम ज्ञानवापी परिसर में रही
जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत ने सील वजूखाने को छोड़कर ज्ञानवापी परिसर का सर्वे कर रिपोर्ट चार अगस्त तक देने का आदेश एएसआई को बीते 21 जुलाई को दिया था। इसी क्रम में लखनऊ, आगरा, दिल्ली, पटना और वाराणसी से एएसआई की 43 सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम सोमवार की सुबह 6:30 बजे श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 पर पहुंची। सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक टीम ज्ञानवापी परिसर में रही।