UP: सीएम और राज्यपाल ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, कहा- सनातन संस्कृति को पराजित नहीं किया जा सकता
CM Yogi and Governor Anandiben Patel in Kashi: बाबा विश्वनाथ के मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी रहे। परिसर में विधि-विधान से पूजन का आयोजन किया गया।
विस्तार
Varanasi News: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और आनंदीबेन पटेल का काफिला सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। दोनों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान भाजपा के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर 'दयालु' समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर में त्रयंबकेश्वर सभागार में प्रमुख कार्यक्रम का आयोजन होना है। स्कूल की छात्राओं ने शंखनाद और मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम दोनों ही भारत के इतिहास और सनातन संस्कृति की अदम्य शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति पर आक्रमण तो हो सकते हैं, लेकिन उसे कभी पराजित नहीं किया जा सकता। विनाश क्षणिक होता है, जबकि सृजन शाश्वत होता है।
प्रमुख मार्गों पर बढ़ी सुरक्षा
सीएम योगी ने कहा कि करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर कई बार हमला किया। विदेशी आक्रांताओं ने सोमनाथ मंदिर पर 17 बार आक्रमण कर उसके वैभव को नष्ट करने का प्रयास किया। उन्हें भ्रम था कि मंदिर की मूर्तियों को खंडित कर और उसका वैभव लूटकर भारत की आत्मा को समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल सोमनाथ मंदिर तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के हजारों धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को निशाना बनाया गया। इसमें काशी विश्वनाथ धाम भी शामिल रहा। बावजूद इसके भारत की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक चेतना आज भी पूरी शक्ति के साथ जीवित है।
बता दें कि, श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करीब तीन घंटे तक मौजूद रहेंगे। पहली बार ऐसा होगा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल इतने लंबे समय तक विश्वनाथ धाम में रहेंगे और इस दौरान बाबा की भोग आरती में भी शामिल होंगे।
भोग आरती का नियमित समय सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक है। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच मुख्यमंत्री और राज्यपाल सबसे पहले गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन करेंगे।
इसके बाद दोनों त्रयंबकेश्वर हॉल में आयोजित श्रीसोमनाथ संकल्प पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां बीएचयू के छात्रों द्वारा तैयार सोमनाथ की प्रतिकृति पार्थिव ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर जलाभिषेक और पूजन किया जाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर 2021 को काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के दौरान तीन घंटे से अधिक समय मंदिर परिसर में बिताया था। उस दौरान उन्होंने गंगा स्नान, गर्भगृह में पूजन, जनसभा को संबोधन, श्रमिकों के साथ भोजन और फोटो सत्र समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।
अतिथियों द्वारा सोमनाथ को प्रणाम और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सोमनाथ संकल्प का सामूहिक पाठ होगा। मुख्यमंत्री संकल्प का वाचन करेंगे और उपस्थित श्रद्धालु व अतिथि उसका सामूहिक अनुच्चारण करेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, मेयर अशोक तिवारी समेत सभी विधायक मौजूद रहेंगे। पूजन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
वीवीआईपी मूवमेंट से तीन घंटे पहले बड़े वाहनों की लहुराबीर-मैदागिन मार्ग पर नो एंट्री
राज्यपाल व मुख्यमंत्री समेत अन्य वीवीआईपी के आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को लेकर यातायात पुलिस ने 11 मई के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शहर में सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के संचालन पर अस्थायी रोक और डायवर्जन लागू किया गया है।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट से तीन घंटे पहले अमर उजाला तिराहे से टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया बस और क्रूजर जैसे बड़े वाहनों को लहुराबीर और मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, विशेश्वरगंज तिराहे से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने से रोका जाएगा।
गोदौलिया चौराहा से भी किसी वाहन को मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग की ओर जाने वाले वाहनों को अंधरापुल और मलदहिया की तरफ मोड़ा जाएगा। मलदहिया चौराहा से जयसिंह और लहुराबीर की ओर यातायात बंद रहेगा।