भदोही में गोल्डी मसालों से लदा लूटा गया ट्रक बरामद, कानपुर से वाराणसी जा रही थी खेप
कानपुर से वाराणसी जाते समय लूटा गया 20 लाख रुपये कीमत का 1400 पेटी सब्जी मसाला सोमवार को भदोही जिले के गोपीगंज के एक मकान से बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से प्रकरण का खुलासा किया। जिसके घर से मसाला बरामद हुआ है, वह फरार बताया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी औराई लेखराज सिंह ने बताया कि बीती रात कानपुर से यूपी 78 बीएन 2336 ट्रक पर गोल्डी मसाला लादकर चालक शेर अली निवासी रूरा कानपुर चलने वाला था। उसी दौरान एक अनजान व्यक्ति उसके ट्रक पर सवार हो गया और मेल मिलाप कर ट्रक चालक को कुछ खिला दिया।
इसके बाद चालक बेहोश हो गया। बीच रास्ते में जब चालक को एक बार होश आया तो ट्रक चालक ने उस व्यक्ति से पूछा कहां ले जा रहे हो। इस दौरान लुटेरों ने सिर पर तेज प्रहार कर उसे घायल कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
उसे औराई थानाक्षेत्र में ट्रक से नीचे उतार दिया गया, जहां होश आने पर ट्रक चालक ने औराई कोतवाली में जाकर पुलिस को बताया। सीओ के नेतृत्व में टीम बनाकर ट्रक की तलाश की गई तो ट्रक लावारिस स्थिति में महाराजगंज में खड़ा मिला।
ट्रक में लगे जीपीएस के आधार पर उसका लोकेशन पड़ाव स्टेशन मार्ग पर भी दिखा था। इस लोकेशन के आधार पर औराई और गोपीगंज पुलिस ने दो तीन घरों की तलाशी के साथ सीसीटीवी फुटेज देखा।
फुटेज के आधार पर ट्रक जिस घर के सामने खड़ा था, उस घर में जब छापेमारी की गई तो लूट के 1400 पेटी गोल्डी मसाले मिले। उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं गृहस्वामी सलालुद्दीन फरार बताया जाता है।