पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने वाराणसी सिटी स्टेशन का किया निरीक्षण, एक्सप्रेस में बदलेंगी सिटी स्टेशन से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेनें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यात्री सुविधाओं को देखते हुए वाराणसी-गोरखपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस में बदला जाएगा। फिलहाल, वाराणसी सिटी-गोरखपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन 55119/55120 और 55149/55150 को एक्सप्रेस में तब्दील किया जा रहा है। यह ट्रेनें जल्द ही ट्रैक पर रफ्तार पकड़ेंगी।
दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि सिटी स्टेशन को टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे यहां यात्री ट्रेनों की संख्या भी बढ़ जाएगी। उन्होंने इस स्टेशन से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति और कार्यों की जीएम ने समीक्षा भी की।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से मुखातिब महाप्रबंधक ने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर रेलवे की कुछ ट्रेनें सिटी स्टेशन से चलाई जाएंगी। यहां कोचिंग डिपो भी बनाया जा रहा है। वाशिंग पिट व शेड का निर्माण कार्य पूरा होने पर ट्रेनों की धुलाई भी आसान हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि किसान स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसानों और व्यापारियों, उद्यमियों के साथ बैठक कर समस्याओं और सुझावों पर माल लदान का काम तेज करें।
इसके बाद वह स्पेशल यान से औड़िहार-डेमू शेड का जायजा लेने निकले। निरीक्षण में डीआरएम वीके पंजियार, एडीआरएम इंफ्रा प्रवीण कुमार, एडीआरएम परिचालन एसपीएस यादव, सीएमएस डॉ. एमएस नांबियाल, सीनियर डीओएम रोहित अग्रवाल, सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।
दुल्लहपुर स्टेशन से कनेक्ट हो टॉवर वैगन शेड
महाप्रबंधक ने दुल्लहपुर स्टेशन के पास 6.24 एकड़ में बन रहे टावर वैगन शेड का भी जायजा लिया। डीआरएम वीके पंजियार और रेल विकास निगम लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वीके शुक्ला के साथ प्रगति देखी।
इस दौरान उन्होंने 3780 वर्गमीटर में बने शेड, 1.2 किमी रूट डबल लाइन के कार्यों की समीक्षा की। रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों से दुल्लहपुर स्टेशन की यार्ड रिमॉडलिंग पर भी चर्चा की। जीएम ने सुझाव दिया कि दोहरीकरण का लाभ तभी होगा, जब इसे अप एवं डाउन दोनों साइड से दुल्लहपुर स्टेशन से जोड़ा जाए।
नरमू ने उठाया मंडल अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा
एनई रेलवे मजदूर यूनियन मंडल के पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष एनबी सिंह के नेतृत्व में महाप्रबंधक से मुलाकात की और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि मंडल रेल अस्पताल में फिजीशियन नहीं है।
गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को अनुबंधित किया जाए और निजी चिकित्सालयों में रेफर करने की प्रक्रिया को सरल किया जाए। वार्डों में पाइप लाइन के जरिए आक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। पदाधिकारियों ने कई अन्य मुद्दों को जीएम के समक्ष रखा। इस दौरान राणा राकेश रंजन सिंह, प्रदीप सिंह, कन्हैया सिंह, चंद्रशेखर, लक्ष्मण यादव, अरविंद यादव, कफील अहमद, पुष्पेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
उधर जीएम गए, इधर गमले हटे
महाप्रबंधक के आगमन को देखते हुए स्टेशन की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही प्रवेश द्वार पर गमले भी रखे गए थे। हालांकि निरीक्षण के बाद जैसे ही जीएम अपने स्पेशल यान में सवार होकर विदा हुए, वैसे ही कर्मचारियों ने गमले भी हटाने शुरू कर दिए। यह वहां मौजूद लोगों में भी चर्चा का विषय बना रहा।