यूपी में दर्दनाक हादसे: बाढ़ के चलते पानी में तीन लोग डूबे, बालिका सहित दो का मिला शव; मची चीख-पुकार
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में हुए विभिन्न हादसों में दो लोगों की लाशें मिली हैं। पुलिस ने शवों काे कब्जे में ले लिया, वहीं खबर लिखे जाने तक तीसरे की तलाश जारी थी।
विस्तार
गाजीपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को बाढ़ के पानी में तीन लोग डूब गए। इनमें बालिका सहित दो लोगों के शव मिल गए। वहीं बड़ी मां के अंतिम संस्कार के बाद चोचकपुर घाट पर गंगा स्नान करते समय किशोर डूब गया। उसकी तलाश जारी है।
जमानिया के सुहवल थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि गौरा गांव निवासी सुकली उर्फ सुकल (9) किसी काम से डेरे से गांव स्थित घर जा रही थी। रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह बाढ़ के पानी से भरे पोखरी में गिरकर डूब गई। ग्रामीण जबतक बालिका को पोखरी से बाहर निकालते उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से पिता कल्लू यादव और मां पूनम देवी का रोरोकर बुरा हाल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गहमर के गहमर कोतवाल शैलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कर्मनाशा में आई बाढ़ के पानी से हरकरनापुर स्थित हनुमान मंदिर के पास तालाब भरा हुआ है। सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराया देखा।
परिजनों में मचा कोहराम
पूछताछ में पता चला कि हरकरनापुर निवासी राकेश राजभर (22) बुधवार की शाम पांच से ही घर से लापता था। परिजनों के काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला था। उसका शव तालाब में उतराया मिला। मृतक के पिता राजदेव राजभर ने युवक के डूबकर मरने की तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
करंडा थानाध्यक्ष थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि सुआपुर गांव निवासी गोपी (17) अपनी बड़ी मां सहदेई (67) के निधन के बाद अंतिम संस्कार शामिल होने के लिए चोचकपुर श्मशानघाट आया था। अंतिम संस्कार चल हा रहा था कि कुछ युवकों के साथ मौनी बाबा घाट पर गंगा स्नान करने लगा। इस दौरान वह बहाव के भंवर में फंसकर डूब गया। ग्रामीणों की सूचना पर एनडीआरएफ टीम को बुलाकर खोजने का बहुत प्रयास किया गया, लेकिन पानी अधिक होने से पता नहीं चला। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।