यूपी: पति ने बेरहमी से पत्नी को पीटा फिर गला दबाकर मार डाला, पुलिस ससुराल वालों की तलाश में जुटी
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में बृहस्पतिवार की देर शाम पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पति परिजनों के साथ फरार है। वारदात जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव की है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने विवाहिता के पति, सास, ससुर एवं देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
बदौली गांव निवासी तेतरी देवी (26) की वर्ष 2012 में सलारपुर निवासी भरत गौड़ से शादी हुई थी। देर शाम किसी बात को लेकर पति एवं पत्नी में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आए पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई करने के साथ ही उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। झोपड़ी में पत्नी का शव छोड़कर पति परिजनों के साथ फरार हो गया। इसी बीच गांव की एक महिला किसी काम से उसकी झोपड़ी की तरफ गई तो जमीन पर विवाहिता को मृत देख शोर मचाने लगी।
भांवरकोल थाने पर ग्रामीणों से जानकारी लेते एसपी।
आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तेतरी देवी के मायके वालों को दी। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को सूचित किया। इधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर थाने ले आई। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह पहुंचे और छानबीन के बाद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
तेतरी देवी के पिता शिवगोविंद गौड़ ने उसके पति भरत गौड़, ससुर रामगोविंद गौड़, सास मनटिया एवं देवर लक्ष्मण गौड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि पति ने तेतरी की गला दबाकर हत्या की है। तेतरी के पिता की ओर से मिली तहरीर पर पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।