मुख्तार अंसारी की पत्नी व उनके सालों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी और दोनों सालों पर शासन के निर्देश पर सोमवार को गाजीपुर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। इसके बाद अंसारी परिवार में एक बार फिर खलबली मची हुई है।
प्रदेश भर में माफियाओं व अपराधियों के विरूद्ध चल रहें अभियान के अंर्तगत शहर कोतवाली थाने में गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहें आईएस-191 गैंग लीडर मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी तथा मुख्तार के साले सरजील रजा व अनवर शाहजहां पर गाजीपुर पुलिस द्वारा 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है।
बता दें कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं दो सालों की तलाश में जनपद की चार पुलिस टीमें जुटी हैं। इसमें एसओजी, सर्विलांस, करंडा एवं जंगीपुर पुलिस शामिल है। 18 सितंबर को गैंगस्टर कोर्ट द्वारा मुख्तार की पत्नी व सालों के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। तभी से पुलिस महकमा इनकी खोजबीन में जुट गया।
शासन एवं जिला प्रशासन स्तर से लखनऊ, वाराणसी एव मऊ से लेकर विधायक के गृह जनपद गाजीपुर में भी एक के बाद एक कार्रवाई की जा रही है। मालूम हो कि मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी एवं उनके साले सरजील रजा और अनवर शहजाद संगठित आपराधिक गिरोह के रूप में अपराध करते हैं। बीती 11 सितंबर की देर शाम कोतवाल ने विधायक की पत्नी एवं दो सालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद गैंगस्टर न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।