फ्लैश लाइट में हुई गंगा आरती: काशी में चार घंटे में पांच बार कटी बिजली, कहीं एक फेज तो कहीं पूरी रात बत्ती गुल
शहर से गांव तक बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा है। बिजली कब चली जाएगी और कब आ जाएगी, इसका कोई शेड्यूल ही नहीं है। शनिवार को कटौती का आलम यह रहा कि अस्सी घाट पर आरती के समय अंधेरा छा गया।
लिहाजा वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल की रोशनी जलाई, तब जाकर आरती हो सकी। शाम करीब 7 बजे गुल बिजली जब तक आई तब आरती खत्म हो चुकी थी। उधर शहर में चांदपुर, कंदवा, करौंदी में चार घंटे में पांच बार बिजली आई-गई। उधर, बिजली की मांग अब तक के उच्चतम आंकड़े 851 मेगावाट पर पहुंच गई।
कई मोहल्लों में लोकल फाॅल्ट के साथ ही बिजली की आवाजाही ने लोगों का सुख-चैन छीन लिया है। पंखे, कूलर और एसी भी नहीं चल पा रहे हैं, पानी का भी संकट झेलना पड़ रहा है। अस्सी घाट पर हर दिन शाम को करीब 6.30 बजे से लेकर एक घंटे से अधिक समय तक आरती होती है।
शनिवार को आरती शुरू ही हुई थी कि बिजली कट गई। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाई तब जाकर किसी तरह आरती हो सकी। आरती करवाने वाली समिति के लोगों ने उपकेंद्र को फोन किया तो पता चला कि बिजली जल्द ही आ जाएगी, लेकिन आपूर्ति बहाल होने में एक घंटा लग गया। करीब आठ बजे बिजली आई, तब तक आरती खत्म हो चुकी थी।
जलालीपट्टी, सुंदरपुर, चांदपुर, महेशपुर, भिटारी में पूरी रात रही आवाजाही
इसी सप्ताह ऊर्जा मंत्री काशी दौरे पर आए थे तो अधिकारियों ने यह बताया कि काशी में बिजली कटौती नहीं हो रही है। साथ ही यह भी बताया कि शटडाउन नहीं लिया जा रहा है। पिछले तीन दिन से कटौती बढ़ गई है।
शहर में आदित्यनगर करौंदी, जलालीपट्टी, बृज इन्क्लेव सुंदरपुर, चांदपुर, महेशपुर, भिटारी, लहरतारा, कंदवा में शुक्रवार की आधी रात से शनिवार की दिन और रात में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। इसमें आदित्यनगर करौंदी और सारनाथ इलाके में तो शुक्रवार की आधी रात से शनिवार सुबह तक एक फेस की लाइट होने की वजह से लोगों को जागकर रात गुजारनी पड़ी। सारनाथ के पुराना पट्टी उप केंद्र से साथवां फीडर से शुक्रवार की रात 11 बजे से शनिवार सुबह तक एक फेस लाइट कटी रही।
बोले अधिकारी
अस्सी घाट पर जिस ट्रांसफाॅर्मर से बिजली आपूर्ति होती है। उसका जंफर उड़ने की वजह से बिजली कट गई। सूचना मिलते ही तुरंत कर्मचारियों को भेजकर जंफर सही करवाया गया। करीब आधे घंटे में आपूर्ति बहाल हो गई। शहर में जिन जगहों पर कटौती की समस्या मिल रही है, वहां तत्काल समाधान करवाने को अधिकारियों से कहा गया है। - प्रमोद गोगानिया, अधीक्षण अभियंता
कई काॅलोनियों में छह घंटे गुल रहेगी बिजली
वाराणसी। जिले में इन दिनों बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए शटडाउन लेकर काम करवाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मंडुवाडीह उपकेंद्र पर 11केवी वीसीवी पैनल बदलने का कार्य करवाया जाएगा। इस वजह से सुंदरपुर, कर्मदेश्वर फीडर सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक बंद रहेगा।
अधिशासी अभियंता मनीष ने बताया कि इस वजह से अवलेशपुर, कंदवा, पहाड़ी गेट, जलालीपट्टी, कर्दमेश्वर में आपूर्ति बाधित रहेगी। साथ ही हाइडिल काॅलोनी भिखारीपुर की आपूर्ति भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी।
चांदपुर औद्योगिक आस्थान में 25 प्रतिशत गिरा उत्पादन
बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से चांदपुर औद्योगिक आस्थान में उत्पादन प्रभावित है। लगभग 25 प्रतिशत उत्पादन प्रभावित हो गया है। विद्युत विभाग के एक्सईएन और एसडीओ से शिकायत के बावजूद स्थिति सुधर नहीं सकी है।
दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि विद्युत विभाग परेशानियों को दूर करने में लगा है, लेकिन प्रतिदिन 12 से 15 बार ट्रिपिंग की शिकायतें आ रही है, इससे फैक्टरी का संचालन मुश्किल भरा हो गया है। उद्योग चलाने में परेशानी आ रही है।
महासचिव नीरज पारिख ने कहा की हर घंटे किसी न किसी ट्रांसफाॅर्मर का डीओ उड़ जाता है और 7 ऐसे ट्रांसफार्मर हैं जिनका डीओ बराबर उड़ता है। इससे उत्पाद एवं मशीन दोनों ही खराब हो रही हैं। उद्यमी अनुपम देवा, प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की समस्याएं इससे पहले नहीं थी। व्हाट्सएप ग्रुप में एक्सईएन, एसडीओ और जेई जुड़े हुए हैं, लेकिन शिकायत पर मौन साधे रहते हैं।