कोहरे का कहर : जनसाधारण एक्सप्रेस 22 घंटे देरी से आई, यात्री हुए परेशान; अन्य ट्रेनों का रहा कुछ ऐसा हाल
Varanasi News : माैसम में बदलाव के साथ कोहरा भी दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में इसका प्रकोप असर दिखाने लगा है। इस कारण ट्रेन की यात्रा करने वाले लोगों को परेशानियां होनी शुरू हो गई हैं। कहीं ट्रेनें निरस्त हो रही हैं तो कहीं लेट। बस और हवाई यात्रा पर भी कोहरे का असर है।
विस्तार
कोहरे के कारण लगातार विलंब से चल रही अप जनसाधारण एक्सप्रेस रविवार को निरस्त रही और डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस निर्धारित समय से 22 घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों को इस ठंड में कैंट स्टेशन पर इंतजार करना भी मुश्किल भरा है। यात्री हाॅल, प्लेटफाॅर्मों पर ठिठुर रहे हैं।
कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 11.30 घंटे, जयनगर-आनंद विहार टर्मिनल फेस्टिवल स्पेशल 10.30 घंटे, हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस 8 घंटे, उधना-छपरा फेयर स्पेशल 5 घंटे, वड़ोदरा-मऊ स्पेशल 4 घंटे, हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 3 घंटे और हावड़ा-प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस 2.50 घंटे की देरी से गुजरीं।
वहीं, प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस, एलटीटी-बलिया कामायनी एक्सप्रेस, इंदौर-पटना एक्सप्रेस, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नाहरलगुन-हापा स्पेशल और प्रयागराज रामबाग-बलिया पैसेंजर ट्रेनें भी दो से तीन घंटे की देरी से गुजरीं।
काशी विश्वनाथ के एसी कोच में हीटर न चलने की शिकायत
15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के बी-5 कोच में हीटर नहीं चलने की शिकायत यात्री ने एक्स पर दर्ज कराई। अधिवक्ता आशुतोष त्रिपाठी ने एक्स पर शिकायत दर्ज कराई कि एसी कोच में हीटर काम नहीं कर रहा है, जिससे यात्रियों को ठंड के कारण परेशानी हो रही है।
जनरल टिकट का ज्यादा पैसा वसूलने का आरोप
कैंट स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर तैनात एक महिला लिपिक पर टिकट दर से 10 रुपये अधिक वसूले जाने का आरोप लगा है। यात्री महेंद्र यादव ने वीडियो के साथ महिला लिपिक की शिकायत एक्स पर रेल अधिकारियों से की है। यात्री का आरोप है कि शिकायत पर महिला कर्मी ने दुर्व्यवहार भी किया। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने इसकी जांच शुरू की है।