फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Flood crisis of faith in the court of redemption

संकट मोचन के दरबार में आस्था का सैलाब

Sat, 23 Apr 2016 01:55 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी Updated Sat, 23 Apr 2016 01:55 AM IST
विज्ञापन
Flood crisis of faith in the court of redemption
हनुमत ध्वजा यात्रा
पवन के समान वेग वाले सनातन धर्मियों के आराध्य हनुमान जी के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए शुक्रवार को जन सैलाब उमड़ पड़ा।  घर-घर से पुरुष ध्वजा -पताका लेकर निकले, तो मनोरथ पूरे करने की कामना से महिलाओं ने आरती की थाल सजाई। आस्था के रंग में रंगा चहुंदिशि उत्सव पसर गया। गांव से शहर तक लोग एक भरोसे, एक आस-विश्वास के साथ संकट मोचन के दरबार पहुंचे। ध्वजा यात्राओं में कहीं राम दरबार सजा दिखा तो कहीं भगवान के स्वरूप रथों, बग्घियों पर सवार दर्शन देते नजर आए। हनुमान भक्तों के हृदय से उठतीं भक्ति भावना की हिलोरें गगनभेदी जयघोष के रूप में गूंज रही थीं। संकट मोचन भगवान की बैठकी की शृंगार झांकी के दर्शन के लिए सड़कों, गलियों से इस कदर भीड़ चली कि मंदिर परिसर में कहीं तिल रखने की जगह नहीं थी।
विज्ञापन




 ‘को नहिं जानत है जग में कपि संकट मोचन नाम तिहारो’...। पौ फटने से पहले ही संत गोस्वामी तुलसी दास की इन पंक्तियों में गाई हुई संकट मोचन हनुमान की महिमा स्तुति के रूप में हर तरफ गूंजने लगी। सुबह पांच बजे महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र की मौजूदगी में हनुमान जी की बैठकी शृंगार की झांकी सजाकर आरती उतारी गई। काशी के वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ लोक मंगल की कामना से संकट मोचन का अभिषेक किया। इससे पहले  दुखों से निकालने वाले संकट मोचन की झलक पाने के लिए लंबी कतार लग चुकी थी। सुबह सात बजे भिखारीपुर तिराहे से हनुमान ध्वजा यात्रा निकाली गई। एक बड़े रथ पर हनुमान जी की झांकी सजाकर भक्त निकले। इस ध्वजा यात्रा में काशी से लगे 50 किमी दूर तक के गांवों के अलावा अहमदाबाद, सूरत, मुंबई से भी आए भक्तों ने हिस्सा लिया। नेवादा, सुंदरपुर, नरिया से मालवीय प्रतिमा होते हुए शोभायात्रा दिन के करीब 10:15 बजे संकट मोचन पहुंची। इस यात्रा के साथ छोटी-बड़ी कई झांकियां थीं।  मंदिर पहुंचने के बाद ध्वजा के साथ भक्तों ने परिक्रमा की। डमरूदल अलग नाद करते हुए फेरी लगा रहा था। मंदिर परिसर में जगह-जगह पूर्वांचल की विख्यात रामायण मंडलियां मानस की चौपाई को सुरों से सजा रही थीं, तो हर तरफ-सुंदरकांड का पाठ भी चल रहा था। इस शोभायात्रा में रामबलि मौर्या, त्रिभुवन मौर्य, तारकेश्वर नाथ कुशवाहा, अशोक गुप्ता, चंद्रभूषण वर्मा, छोटेलाल पटेल, अजय शर्मा, बब्लू सिंह, विनोद मौर्य, प्रदीप राय,कृष्णावतार मिश्र समेत तमाम लोग शामिल थे।
विज्ञापन



रथारूढ़ संकटमोचन के पीछे शुक्रवार की सुबह देवी-देवताओं का कारवां निकला। मौका था हनुमान जयंती पर क्षेत्रपालेश्वर मंदिर से निकलने वाली हनुमान ध्वजा की आखिरी प्रभातफेरी का। सड़कों पर लाल ध्वजाएं लिए भक्तों की कतार ही नजर आ रही थी। कहीं डांडिया नृत्य तो कहीं बर्फ की सिल्लियों में सजी देव विग्रहों की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी।
विज्ञापन
विज्ञापन

दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ के सामने क्षेत्रपालेश्वर महादेव मंदिर से सुबह छह बजे शोभायात्रा निकाली गई। कौशल शर्मा, भरत सराफ, व्यास राम कुमार कपूरिया, राधेगोविंद केजरीवाल भक्तों को ध्वजा वितरित कर रहे थे। शोभायात्रा के आगे विश्वनाथ अग्रवाल मंगल ज्योति लिए चल रहे थे। हनुमान पताका के साथ 21 फुट ऊंचे हनुमान की झांकी देखते बन रही थी। बैंड बाजा के साथ दो सौ से अधिक बटुकों के हाथ में ध्वजा थी तो डमरु दल के साथ शिव तांडव नृत्य हो रहा था। 21 युवक-युवतियों के समूह डांडिया नृत्य से इस यात्रा को मोहक बना रहे थे। 501 महिलाएं आरती की थाल लेकर चल रही थीं। 11 सौ पताकाएं पुरुषों के हाथ में थीं। एक रथ पर संकट मोचन हनुमान की झांकी थी तो गणेश, शिव, हनुमान के विविध स्वरूपों की पालकी भी सजाई गई थी। गुरुधाम, रवींद्रपुरी, दुर्गाकुंड से त्रिदेव मंदिर के सामने जब शोभायात्रा पहुंची तब पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भक्तों ने संकट मोचन के दरबार में पहुंचकर ध्वजा अर्पित की। इसके बाद राम दरबार की बैठकी लगी।इस शोभायात्रा में विश्वनाथ पोद्दार, सुरेश तुलस्यान, श्रीनारायण खेमका, कृष्णकुमार काबरा, प्रकाश जालान, मनीष लोहिया, पवन अग्रवाल, प्रेम मिश्र, मोहन रौनियार, अनिल सराफ, रमेश गोयल, रवि कानोडिया, श्याम लोहिया, निधिदेव अग्रवाल, ईशू अग्रवाल, अवधेश खेमका समेत तमाम लोग शामिल थे। रास्ते भर शर्बत, आइसक्रीम का वितरण किया जा रहा था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed