पूर्वांचल में कोरोना से पांच की मौत, 343 नए मरीज मिले, वाराणसी में सबसे अधिक 136 पॉजिटिव
आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल के जिलों में शनिवार को कोरोना के 343 मरीज मिले, जबकि वाराणसी में तीन और गाजीपुर-जौनपुर में एक-एक को मिलाकर पांच मरीजों की जान चली गई। वाराणसी में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जिले में कोरोना के 136 नए मरीज मिले। इसके अलावा तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया।
जौनपुर में 31 नए पॉजिटिव केस मिले और सिकरारा निवासी अधिवक्ता ने लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गाजीपुर में आठ महिलाओं समेत 25 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। एक महिला मरीज की इलाज के दौरान बीएचयू में मौत हो गई। बलिया में 36 नए कोरोना संक्रमित पाए गए। मऊ में प्रशासनिक अधिकारी, विकास भवन के कर्मचारी, पोस्ट ऑफिस के पांच कर्मचारियों सहित 33 नए संक्रमित मिले।
आजमगढ़ में भी 23 लोग कोरोना की जद में आ गए। भदोही में खंड शिक्षा अधिकारी समेत कोरोना के 21 नए मरीज सामने आए। इसमें ज्ञानपुर तहसील के दो और एसबीआई की कोइरौना शाखा का एक कर्मचारी भी शामिल है। मिर्जापुर में तीन महिलाओं समेत 20 लोग कोरोना पाजिटिव मिले। सोनभद्र में नौ महिलाओं समेत 18 और कोरोना पॉजिटिव मिले।
वाराणसी के मंडलीय अस्पताल-जीआरपी में भी मिले मरीज
शनिवार को मंडलीय अस्पताल,जीआरपी कैंट, हरी नगर कॉलोनी, रोहनिया, सामने घाट,लहरतारा, कौशलेश नगर कॉलोनी, कॉन्वेंट स्कूल, लेढूपुर, गणेश कॉलोनी, चंदवा चितूपुर में तीन और भरत नगर कॉलोनी हुकूलगंज में 3 महिलाओं समेत 9 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
इसके अलावा कैंटोनमेंट, शिवपुर कॉलोनी नगवा, अंबेडकर कॉलोनी सारनाथ,कादीपुर, शिवपुर, जेतपुरा, भेलूपुर, शिवदासपुर, न्यू लोको रेलवे कॉलोनी लहरतारा, गणेश विहार कॉलोनी, शिवपुरी कॉलोनी, लंका राजेंद्र विहार कॉलोनी में 1 साल से कम उम्र की बच्ची समेत तीन महिलाएं संक्रमित हुई है। इसके अलावा होमी भाभा कैंसर अस्पताल, रजवारी, मकबूल अलम रोड, डीएलडब्लू,सेनपुरा,चेतगंज बटुक भैरव में भी मरीज मिले हैं।