Varanasi: रद्दी टायर के गोदाम और आरा मशीन में आग लगी, लाखों का सामान चंद मिनटों में राख
आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी स्थित पुराने कबाड़ टायर के गोदाम और लकड़ी के टाल में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही क्षणों में सबकुछ जलकर राख हो गया।
विस्तार
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में भदऊंचुंगी स्थित रद्दी टायर के एक गोदाम में रविवार की भोर आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में बगल में स्थित आरा मशीन और उसके परिसर में रखी लकड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर दमकल की पांच गाड़ियों ने लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताई गई है। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
भदऊंचुंगी में पुराना जीटी रोड पर दिल्ली में रहने वाले टायर कारोबारी किशोरी कुमार का गोदाम है। गोदाम में रद्दी और पुराने टायरों को इकट्ठा किया जाता है। भोर में टायर के गोदाम में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने गोदाम से आग की लपटों को देखा तो आदमपुर थाने की पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
जब मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंची तब तक आग बगल में मौजूद आरा मशीन के परिसर में भी फैल गई थी और वहां रखी लकड़ियां धूं-धूं कर जल रही थीं। आग की विकरालता को देख कर एक-एक कर दमकल की पांच गाड़ियां आईं।
लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे आग पर काबू पाया गया। आरा मशीन के मालिक ओम यादव ने बताया कि आग लगने के कारण लकड़ियां, मशीनें और फर्नीचर जलकर गए हैं। इसके चलते लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, टायर गोदाम के कर्मचारी आग लगने के संबंध में कुछ भी कहने से इंकार कर दिए। वहीं, आग लगने के कारण टायर गोदाम में खड़ा मच्छोदरी निवासी सुरेश यादव का पिकअप, ई-रिक्शॉ और ट्रॉली भी जल गई।
हो सकता था बड़ा हादसा, बगल में है पेट्रोल पंप
टायर गोदाम और आरा मशीन के समीप ही पेट्रोल पंप भी है। आग लगभग पांच बिस्वा क्षेत्र में फैली थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम तेजी से शुरू किया। आग बुझाने के दौरान मौके पर मौजूद लोग और दमकल कर्मी उस समय घबराए प्रतीत हुए, जब लपटों का रुख बगल में स्थित पेट्रोल पंप की ओर हुआ। आनन-फानन पेट्रोल पंप बंद कर कर्मचारी बाहर आ गए। दमकल कर्मियों के जवानों ने जैसे-तैसे आरा मशीन से पेट्रोल पंप की ओर बढ़ रही आग को रोका। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था।
भदऊंचुंगी क्षेत्र में चल रही है दर्जनों आरा मशीन
कज्जाकपुरा से भदऊंचुंगी के बीच दर्जनों आरा मशीन और व्यावसायिक गोदाम हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि इनमें से कई ऐसे हैं जो अग्निशमन विभाग को मानकों को पूरा किए बगैर ही संचालित किए जा रहे हैं। इस मामले में आदमपुर थाने की पुलिस भी चुप्पी साधे रहती है और अग्निशमन विभाग का रुख भी गंभीर नहीं दिखाई देता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को अभियान चलाकर प्रत्येक आरा मशीन और गोदाम में आग से सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित कराना चाहिए।