{"_id":"63e102f7496e28583342e7eb","slug":"fire-in-the-lab-of-zoology-department-of-banaras-hindu-university-2023-02-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"BHU: जंतु विज्ञान विभाग के लैब में लगी आग, परिसर छोड़कर भागे शिक्षक और छात्र; धोखा दे गए अग्निशमन यंत्र","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
BHU: जंतु विज्ञान विभाग के लैब में लगी आग, परिसर छोड़कर भागे शिक्षक और छात्र; धोखा दे गए अग्निशमन यंत्र
Mon, 06 Feb 2023 07:09 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: विजय पुंडीर
Updated Mon, 06 Feb 2023 07:09 PM IST
सार
सोमवार की शाम जंतु विज्ञान की लैब से अचानक धुआं निकलने लगा। लैब में लगी एसी में से चिंगारी निकली और आग भड़क उठी। परिसर में फायर अलार्म भी नहीं लगा हुआ था और अग्निशमन यंत्र भी काम नहीं कर रहे थे।
विज्ञापन
BHU
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के लैब में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही शिक्षक व छात्र-छात्राएं बाहर भागने लगे। आगजनी की घटना के दौरान अग्निशमन यंत्र भी बेकार थे, जिसके कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के दौरान किसी तरह के जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन आशंका जताई जा रही है कि जंतु विज्ञान की लैब पूरी तरह जलकर राख हो गई।
विज्ञापन
सोमवार की शाम को 4:30 बजे जंतु विज्ञान की लैब से अचानक धुआं निकलने लगा। लैब में लगी एसी में से चिंगारी निकली और आग भड़क उठी। परिसर में फायर अलार्म भी नहीं लगा हुआ था और अग्निशमन यंत्र भी काम नहीं कर रहे थे। प्रयोगशाला में बैठे छात्र और शिक्षकों ने तेज धुआं उठता हुआ देखा तो सभी चिल्लाने लगे, पहले तो आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन आग भड़क उठी। इसके बाद छात्र-छात्राएं और शिक्षक विभाग की बिल्डिंग को खाली करके बाहर मैदान में भागने लगे। सीढ़ियों पर अफरातफरी के कारण कुछ छात्र गिर भी गए।
विज्ञापन
वहीं, ऊपर की लैब में एक दिव्यांग छात्र फंस गया था जिसे शिक्षक व छात्र किसी तरह लेकर नीचे आए। इसके बाद विभाग की पावर सप्लाई को काट दिया गया और कुछ सुरक्षाकर्मियों ने आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र खोजना शुरू किया तो मुश्किल से तीन ही अग्निशमन यंत्र मिले। इसमें से भी दो यंत्र ही काम कर सके। हादसे की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि इसके बाद विभाग को बाहर से ही बंद कर दिया गया और कोई शिक्षक, कर्मचारी अंदर नहीं गया।
विज्ञापन
शार्ट सर्किट के कारण आगजनी की घटना हुई है। एसी पुराना हो गया था और उसके कारण ही आग लगी। दमकल की टीम, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया है। मंगलवार को विभाग खुलने के बाद ही नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। -प्रो. अरविंद आचार्य, विभागाध्यक्ष, जंतु विज्ञान विभाग