दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल होकर भदोही आये बांग्लादेशियों समेत 20 और लोगों पर एफआईआर
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर मोहल्ले में स्थित मरकजी मस्जिद के गेस्ट हाउस में 28 दिन से छिपकर रह रहे 11 बांग्लादेशियों समेत 14 लोगों के मामले में पुलिस ने बुधवार देर शाम 20 और लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें तब्लीगी जमात में भाग लेकर लौटे 14 लोगों के अलावा यहां उन्हें शरण देने वाले मरकजी कमेटी के छह सदस्य भी शामिल हैं। गेस्ट हाउस संचालक को मिलाकर अब तक 21 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक निजामुद्दीन तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल होने आए 11 बांग्लादेशियों के पास टूरिस्ट वीजा था, लेकिन वे यहां धर्म प्रचार के कार्यक्रम में शामिल थे। इसलिए उन पर केस दर्ज किया गया है। असम और बंगाल के तीन लोगों समेत 14 लोग यहां काजीपुर में छिपकर रह रहे थे। मरकजी कमेटी के लोगों ने उन्हें शरण दी। इसलिए मस्जिद के गेस्ट हाउस संचालक के अलावा कमेटी के हाजी अली मुल्ला, हाजी मो. अयूम, मौ अब्दुल, मुनौवर अली, मुश्ताक अहमद और अब्दुल रब के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
संपर्क में आए लोग करा लें जांच, नहीं तो करवाई: एसपी
निजामुद्दीन के तब्लीगी जमात में शिरकत कर लौटे बांग्लादेशियों और अन्य उलेमा के संपर्क में आए लोगों को ताकीद करते हुए पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने सामने आकर मेडिकल जांच कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे लोग बिना किसी डर के चिकित्सकीय जांच करा लें। अन्यथा अगर पुलिस ढूंढकर निकालेगी तो फिर कार्रवाई की जाएगी।