वाराणसी: साझेदारी के नाम पर 17 लाख रुपये हड़पने का आरोप, दो पर प्राथमिकी; रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज
व्यवसाय में साझेदारी का भरोसा देकर 17 लाख रुपये ट्रांसफर कराने और रकम मांगने पर धमकी देने के आरोप में अजय रावत और विश्वजीत भट्टाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार सिंह ने गाली-गलौज और दुकान का सामान जबरन उठाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
व्यवसाय में साझेदारी का भरोसा देकर 17 लाख रुपये ट्रांसफर कराने और रकम वापस मांगने पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में राजाबाजार निवासी अजय रावत और बनारस बैटरी वर्क्स कंपनी के सेल्स मैनेजर विश्वजीत भट्टाचार्य शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
मंडुवाडीह की रामनगर कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार सिंह के मुताबिक, वह नदेसर स्थित मकान में बनारस बैटरी वर्क्स के नाम से बैटरी, इन्वर्टर और सोलर पैनल का कारोबार करते हैं। आरोप है कि अजय रावत ने उनसे साझेदारी में कारोबार करने का प्रस्ताव रखा और भरोसा जीत लिया। इसके बाद उनकी फर्म और उनके बेटे सौरभ के बैंक खाते से आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से अपनी फर्म मां लक्ष्मी होम एलायंसमेंट के खाते में कुल 17 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 जनवरी 2025 को लेनदेन का हिसाब मांगने पर अजय टालमटोल करने लगा। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज की गई और फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी गई। इस संबंध में उन्होंने 23 जनवरी 2025 को कैंट थाने में प्रार्थना पत्र दिया था।
अरविंद सिंह का आरोप है कि 17 सितंबर 2025 को अजय ने फोन कर दुकान में रखा सामान जबरन उठा ले जाने की धमकी दी। इसके बाद 21 सितंबर को भी फोन कर धमकाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अजय रावत और विश्वजीत भट्टाचार्य ने मिलीभगत कर उनकी रकम हड़प ली।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मामले में थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवादा प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने भी मामले की जांच जारी होने की जानकारी दी। पुलिस आरोपों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।