लोकसभा की इस 'हॉट सीट' के लिए लगी लंबी कतार, फिल्म स्टार से लेकर नेता तक कर चुके हैं जीत के दावे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की भदोही लोकसभा सीट पर किसी भी दल की ओर से अभी तक अपने प्रत्याशियों का पत्ता नहीं खोला गया है। इससे बढ़ते असमंजस के बीच भाजपा से टिकट के लिए दौड़-घूप तेज हो गई है। सियासत के दिग्गज नेताओं से लेकर फिल्म स्टार तक भगवा झंडे के तले भदोही सीट से भाग्य आजमाने के लिए दिल्ली में हफ्तेभर से जमे हुए हैं।
इस दौड़ में भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह से लेकर विधायक विजय मिश्र तक का नाम आ रहा है। दूसरी ओर टिकट बदले जाने के बावजूद सांसद वीरेंद्र सिंह भी भदोही से ही मैदान में उतरने की हर मुमकिन संभावनाओं की तलाश में दिल्ली दरबार में डेरा डाले हुए हैं।
भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को बलिया से प्रत्याशी बनाने के बाद टिकट की कतार में रहे संभावित प्रत्याशियों को भदोही सीट ‘हॉट सीट’ लगने लगी है। यहां से मैदान मारने की संभावनाओं के बीच शाह से लेकर राजनाथ तक को रिझाने की पूरी कोशिश की जा रही है। जीत के दावे और अपने-अपने जातीय अंकगणित के साथ तमाम नेताओं ने राजधानी में डेरा डाल दिया है।
भाजपा से टिकट के लिए चल रही रस्साकशी
भदोही से भाजपा किसे मैदान में उतारेगी यह तो समय बताएगा। लेकिन सूत्रों से छनकर आई खबरों को मानें तो ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र और उनके चिर प्रतिद्वंदी पूर्व बसपा सांसद गोरखनाथ पांडेय ब्राह्मण बहुल सीट पर अपने-अपने जातीय गणित के साथ भाजपा से टिकट के लिए रस्साकशी कर रहे हैं।
भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह का नाम भी भदोही सीट से टिकट के लिए जोर आजमाइश करने वालों में शुमार हो गया है। चंद दिनों पहले ही भाजपा में शामिल हुए मंझवा विधायक रमेश बिंद जातिगत आंकड़ों को लेकर टिकट की दावेदारी पहले ही ठोक चुके हैं। दूसरी ओर भदोही सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी अभी भदोही सीट का मोह और यहां से चुनाव लड़ने की उम्मीदों को नहीं छोड़ा है।
वीरेंद्र सिंह अब भी भदोही से मैदान में उतरने की संभावनाएं दिल्ली में तलाश रहे हैं। पार्टी सूत्रों का मानना है कि रविवार शाम तक भदोही सीट के प्रत्याशी की तस्वीर साफ हो सकती है। उधर बसपा के लोकसभा प्रभारी रंगनाथ मिश्र को सपा-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी माना जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी का कोई जिक्र नहीं है।
...कहीं निषाद पार्टी से समझौते में तो नहीं जाएगी सीट
लोकसभा चुनाव में भाजपा का निषाद पार्टी के साथ हुए समझौते के मद्देनजर भदोही लोकसभा सीट को निषाद पार्टी के पाले में भी जाने की चर्चा जिले के सियासी जगत में तेज हो गई है। माना जा रहा है कि ऐसा हुआ तो भदोही से डॉ. संजय निषाद निषाद पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं। हालांकि यह सब कुछ अभी भविष्य के गर्भ में है।