कोरोना से जंग: वाराणसी में लगातर घट रहे सक्रिय मामले, बीते 24 घंटे में 422 नए मरीज, सात की मौत
वाराणसी में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। हर दिन के साथ ही संक्रमण के नए मामलों में गिरावट के साथ ही ठीक होने वालों की बढ़ रही संख्या काफी राहत दे रही है।
विस्तार
वाराणसी जिले में धीरे-धीरे ही सही लेकिन कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कमी आने लगी है। हालांकि अभी भी मौत के आंकड़ों में कमी लाना स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के लिए चुनौती है। रविवार को मिले 9185 सैंपल की रिपोर्ट में अलग-अलग जगहों से 422 नए मरीज मिले हैं और सात मरीजों की मौत भी हुई है।
स्वास्थ विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक अपना घर आश्रम में 6, जेल में 5, कैंट रेलवे स्टेशन पर आठ लोग संक्रमित मिले हैं। कमिश्नर आवास, तुलसी मानस मंदिर कॉलोनी, रथयात्रा, शिवपुर, डीआईजी कॉलोनी, रानीपुर, महमूरगंज, पांडेपुर सहित अन्य जगहों से भी कोरोना मरीज मिले हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से 890 लोगों को होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित किया गया है जबकि अस्पतालों से भी 62 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 79018 हो गई है जिसमें 71670 के डिस्चार्ज 693 की मौत के बाद अब 6715 लोग एक्टिव मरीज हैं।
https://twitter.com/AU_VaranasiNews/status/1393946992733159430?s=1006
डीआरडीओ अस्पताल में दो महिलाओं सहित पांच की मौत
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक रविवार को डीआरडीओ में भर्ती दो महिलाओं समेत पांच की मौत हुई है। इसमें चकरमा निवासी 41 वर्षीय पुरुष, सदर बाजार निवासी 71 वर्षीय पुरुष, चोलापुर निवासी 65 वर्षीय महिला चोलापुर निवासी 60 वर्षीय महिला और बभनियाव निवासी 66 वर्षीय पुरुष की कोरोना से मौत हुई है। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती भूल्लनपुर निवासी 55 वर्षीय पुरुष और बीएचयू में भर्ती डाफी निवासी 75 वर्षीय मरीज की मौत भी हुई।
बनारस में कोरोना टीके का संकट दूर
कोरोना टीकाकरण को लेकर अब धीरे-धीरे संकट दूर होता जा रहा है। शनिवार को जिले को वैक्सीन की 30 हजार डोज मिलने के बाद अब टीकाकरण का कार्यक्रम सुचारू रूप से चलेगा। शहरी और ग्रामीण इलाकों में पहले 75 केंद्रों के बाद अब सोमवार को टीकाकरण केंद्र भी बढ़ा दिए गए हैं। अब 92 केंद्रों पर टीकाकरण होगा।
जिले में 18 से 44 और 45 साल से अधिक उम्र वालों के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में 26 केंद्र, जबकि 45 साल से अधिक वालों के लिए अब 66 केंद्र बनाए गए हैं। इधर रविवार को एक बार फिर ऑनलाइन पंजीकरण में डेट और टाइम स्लॉट मिलने की समस्या से जूझना पड़ा।
इसमें कई केंद्रों पर अगले दो तीन दिन तक जगह ना होने की वजह से युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि केंद्रों की संख्या भी बढ़ा दी गई हैं, इसमें सोमवार को सरकारी कार्यालयों में भी टीकाकरण किया जाएगा। सभी जगहों पर पहले की तरह रिवर्स टोकन सिस्टम लागू रहेगा।
गांवों में ऑक्सीजन जांच,बीएचयू की टीम ने किया जागरूक
गांव में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग की टीम की ओर से ऑक्सीजन फेरीवाला कार्यक्रम के तहत लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनके ऑक्सीजन सेचुरेशन की जांच भी की जा रही है।
न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर विजय नाथ मिश्र के निर्देशन में रविवार को रमना गांव में पहुंची टीम ने लोगों के ऑक्सीजन सैचुरेशन की जांच की। कठपुतली समूह की ओर से नाटक का मंचन कर भी लोगों को कोरोना का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
प्रोफेसर विजयनाथ मिश्र ने बताया ऑक्सीजन फेरी वाला कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को गांव में ऑक्सीजन की जांच की जा रही है। साथ ही जिनका ऑक्सीजन लेवल कम मिल रहा है उन्हें अस्पताल में जाकर जांच इलाज कराने की सलाह दी जा रही है।