Varanasi: बीएचयू में छात्रों और सुरक्षाकर्मियों में जमकर धक्कामुक्की, वर्धा विवि के कुलपति को बुलाने पर हंगामा
बीएचयू के कला संकाय के दर्शन एवं धर्म विज्ञान विभाग में बुधवार को भगत सिंह छात्र मोर्चा के सदस्यों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। एक कार्यक्रम में वर्धा विश्वविद्यालय के कुलपति को आमंत्रण देने का विरोध हो रहा है।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में वर्धा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन में जमकर हंगामा हुआ। प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों और छात्र-छात्राओं के बीच नोकझोंक के बाद धक्कामुक्की भी हुई। छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों पर दुर्व्यवहार करने और अपशब्द कहने का आरोप लगाया है।
बुधवार को भगत सिंह स्टूडेंट मोर्चा की ओर से कला संकाय के दर्शन एवं धर्म विज्ञान विभाग में वर्धा विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राएं कुलपति प्रो. शुक्ला को विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने का विरोध कर रहे थे।
महिला सुरक्षाकर्मियों ने छात्राओं के साथ की मारपीट
प्रदर्शन की सूचना पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची। सुरक्षाकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को प्रदर्शन समाप्त करने को कहा। छात्र-छात्राओं का कहना था कि जब तक विभागाध्यक्ष उनकी बात नहीं मानेंगे वह प्रदर्शन करते रहेंगे। आरोप है कि छात्र-छात्राओं को हटाने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने धक्कामुक्की की और जबरदस्ती उन्हें हटाया गया।
ये भी पढ़ें: बाबा के भक्तों के लिए खुशखबरी; अब सावन के सोमवार को घर बैठे करें ऑनलाइन रुद्राभिषेक, इतने में होगी बुकिंग
महिला सुरक्षाकर्मियों ने लड़कियों के साथ मारपीट की। इसके बाद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने विभागाध्यक्ष से मुलाकात की और कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि 10 अगस्त का कार्यक्रम अगर रद्द नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
कुलपति को आमंत्रण देने का हो रहा विरोध
कला संकाय के दर्शन एवं धर्म विज्ञान विभाग में 10 अगस्त को होने वाले सेमिनार में बतौर अतिथि वर्धा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश शुक्ला को आमंत्रित किया गया है। इस आमंत्रण से भगत सिंह छात्र मोर्चा के सदस्य आक्रोशित हैं। उनका कहना है प्रोफेसर पर कई तरह के आरोप लगे हैं। विरोध में शामिल छात्राओं ने बताया कि कुलपति के ऊपर कई गंभीर आरोप लगे हुए हैं।