यूपी: पिता के हवस की शिकार युवती इलाज के लिए करनाल गई, अभिनेता सोनू सूद उठाएंगे खर्च
उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में पिता की हवस से तंग आकर धर्म परिवर्तन करने वाली औराई के घोसिया नगर स्थित एक मोहल्ले की युवती को बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को हरियाणा के करनाल को रवाना किया गया। उसका इलाज फिल्म अभिनेता सोनू सूद कराएंगे। हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष के सहयोग से सीएमओ ने उसे एंबुलेंस से करनाल भिजवाया।
घोसिया क्षेत्र निवासी युवती अपने पिता की हरकतों से परेशान होकर दोस्त संग अहमदाबाद चली गई थी। वहां अपने दोस्त संग हरिद्वार जाकर धर्म परिवर्तन किया। लॉकडाउन में घोसिया लौटते समय दुर्घटना की शिकार होने से वह बोन टीबी से जूझ रही है।
हिंदू युवा संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा आसपास के लोग भी सहायता कर रहे थे। शासन-प्रशासन ने मामला संज्ञान में लिया तो उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया। वहां भी सही उपचार नहीं मिला। करीब एक महीने बाद फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने आश्वासन दिया तो उसे उपचार के लिए हरियाणा के करनाल भेजा गया।
सेउर निवासी हिंदू युवा संगठन के नीतीश चौबे ने कहा कि अभिनेता ने युवती के इलाज का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। शुक्रवार को मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल से उसे करनाल भेज दिया गया। हिंदू युवा संगठन के सदस्य विजय कुमार को उक्त युवती के साथ भेजा गया है।