चंदौली: छठ की शुरुआत पर भी ट्रेनों में कम नहीं हुई भीड़, एसी कोच में जनरल जैसी हालत
छठ महापर्व की शुरुआत के बाद भी पीडीडीयू जंक्शन पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हुई। एसी कोच तक में जनरल जैसी स्थिति रही। 50 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिली। ट्रेनों की देरी से परेशानी और बढ़ गई।
विस्तार
छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को हो गई, लेकिन बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम नहीं हुई। पीडीडीयू जंक्शन पर पटना रूट की ट्रेनों में हालात ऐसे रहे कि एसी कोच में भी जनरल जैसी भीड़ दिखाई दी। यात्री कोच के दरवाजों, गलियारों और शौचालय के आसपास बैठकर सफर करने को मजबूर रहे। ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। भीड़ को नियंत्रित करने में आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एसी कोच में भी यात्रियों की भीड़
छठ पर्व पर दिल्ली, मुंबई और देश के दूसरे हिस्सों में काम करने वाले लोग बड़ी संख्या में बिहार लौट रहे हैं। शुक्रवार को पर्व की शुरुआत के बाद भी डाउन की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ बनी रही। जनरल कोच पहले से ही क्षमता से अधिक भरे रहे। बाद के स्टेशनों से ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही थी।
कई यात्री कोच के दरवाजों, गलियारों और शौचालय के आसपास बैठकर सफर करते दिखे। कुछ यात्रियों को शौचालय के आसपास भी जगह तलाशनी पड़ी। स्पेशल ट्रेनों के एसी कोच में भी यात्रियों की भीड़ नजर आई।
इन ट्रेनों में रही सबसे ज्यादा भीड़
पीडीडीयू जंक्शन पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस और सिकंदराबाद एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ रही। इसके अलावा संघमित्रा एक्सप्रेस और बंगलूरू-दानापुर एक्सप्रेस में भी यात्रियों को नियंत्रित करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ी।
50 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के बाद भी राहत नहीं
गया जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पीडीडीयू मंडल की ओर से दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। वहीं, रेलवे की ओर से यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 50 से अधिक स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई हैं। इसके बावजूद नियमित और स्पेशल ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हुई।
स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए आरपीएफ निरीक्षक अनिता कुमार, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, सीएसजी एनके मिश्र सहित विभागीय टीम जुटी रही।
