उद्यमियों का महासम्मेलन: प्रदेश भर से जुटेंगे 600 से अधिक उद्यमी, आईआईए करेगा मेजबानी, आयोजन का है ये मकसद
वाराणसी में आईआईए की ओर से आयोजित उद्यमी महासम्मेलन में प्रदेश भर से 600 से अधिक उद्यमी जुटेंगे। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास और निवेशकों की रफ्तार बढ़ाने समेत अन्य औद्योगिक समस्याओं पर मंथन किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को उड़ान देने के लिए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 29 अप्रैल को उद्यमी महासम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। यहां प्रदेश भर से 600 से अधिक उद्यमी जुटेंगे
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास और निवेशकों की रफ्तार बढ़ाने समेत अन्य औद्योगिक समस्याओं पर मंथन किया जाएगा। सूबे में 9000 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की संख्या वाले इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से आयोजित महासम्मेलन में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ इस क्षेत्र के उत्कृष्ट श्रमिकों का पलायन रोकना भी है। यहीं उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे भविष्य में कोरोना या ऐसी किसी भी आपदा के वक्त श्रमिक अपने घर परिवार के नजदीक रहकर जीविकोपार्जन कर सकें।
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रस्तावित नई औद्योगिक विकास नीति 2020 वास्तव में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास में गति लाने का एक विजन डॉक्यूमेंट है, जिसमें मुख्यमंत्री का उद्योग के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को शीघ्र एक ट्रिलियन करने का रोड मैप निहित है। पूर्वांचल में आयोजित यह विराट उद्यमी सम्मेलन की प्राथमिकता यह है कि प्रदेश में औद्योगिक विकास की नीतियों का निर्धारण करने वाले मंत्रीगण व इन नीतियों के क्रियान्वयन हेतु जिम्मेदार अधिकारी कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक साथ उपस्थित होकर पूर्वांचल में औद्योगिक विकास पर चिंतन व मंथन कर इसे निर्णायक स्वरूप देने का प्रयास करेंगे।
आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने बताया कि पूर्वांचल के केंद्र बिंदु वाराणसी में आयोजित यह विराट उद्यमी सम्मेलन संभवतः पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसमें वाराणसी के साथ-साथ जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, आजमगढ़ आदि जिलों से 600 से ज्यादा उद्यमी भाग लेंगे। इससे पूर्व में इस तरह का विराट आयोजन लखनऊ में इन्वेस्टर्स मीट में ही हुआ था।
महासम्मेलन में ये मंत्री व अधिकारी होंगे शामिल
उद्यमी महासम्मेलन में औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल नंदी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र और प्रशासनिक अधिकारियों में औद्योगिक विकास के मुखिया अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, वाराणसी मंडल के कमिश्नर दीपक अग्रवाल, वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश, वाराणसी जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा उपस्थित रहेंगे।