मिर्जापुर में मुठभेड़: चेन-मंगलसूत्र छीनने का आरोपी घायल, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था; गिरफ्तार
मिर्जापुर में महिला से चेन और मंगलसूत्र छीनने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से मंगलसूत्र और तमंचा बरामद किया है।
विस्तार
मिर्जापुर में कोतवाली देहात पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान चेन और मंगलसूत्र छिनैती के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए मंडलीय जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है। उसके कब्जे से छीना गया पीली धातु का मंगलसूत्र, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
देहात कोतवाल ने बताया कि सोमवार को कोतवाली देहात पुलिस की टीम खड़ंजा फॉल के रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह रुकने के बजाय तेज गति से खड़ंजा फॉल की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चौहान (23) निवासी धौरोपुर थाना कोतवाली देहात मिर्जापुर के रूप में हुई है।
16 अक्टूबर को महिला से की थी छिनैती
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब सात से आठ बजे आरटीओ कार्यालय से पहले पहाड़ी गांव के पास उसने अपने एक सहयोगी के साथ स्कूटी से लालगंज की ओर जा रही महिला के गले से चेन और मंगलसूत्र छीना था। आरोपी ने चेन अपने सहयोगी को दे दी थी, जबकि मंगलसूत्र अपने पास रख लिया था। सोमवार को पुलिस चेकिंग के दौरान वह मंगलसूत्र लेकर जा रहा था, तभी पकड़ा गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर और कोतवाली देहात थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी और छिनैती से संबंधित मामलों के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोपों से जुड़े मुकदमे भी शामिल हैं।