पीएफ घोटाला: बिजली कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार शुरू, एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिजली कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से एमडी कार्यालय से लेकर उपकेंद्रों तक सन्नाटा पसरा रहा। न तो बिजली बिल जमा हुए और न ही शिकायतें रजिस्टर की गईं। नए कनेक्शन और समाधान योजना के तहत पंजीकरण का काम भी नहीं हुआ। कार्यालयों में ताला बंद कर कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भिखारीपुर आ गए। उधर, कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी उपकेंद्रों पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
पीएफ घोटाले से खफा 45 हजार बिजली कर्मचारियों ने 48 घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू है। पीएफ भुगतान की गारंटी सरकार ने न ली तो मंगलवार को आंदोलन के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा। भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों से मुलाकात कर कहा सजग रहें बाहरी और अराजक तत्व घुसे। आपसी विश्वास और भरोसा बना रहे।
सभा में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि डीएचएफ एल ट्रस्ट के माध्यम से 2268 करोड़ रुपए गबन करने से कर्मचारियों में रोष है। मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री से कर्मचारियों के हित में समाधान निकालने की मांग की गई। डीएम ने कहा कि आपकी मांगों केा सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व चेयरमैन और अन्य आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी हो। बिजली का ग्रिड फेल न हो, इसलिए बड़े उत्पादन गृहों, 400 केवी विद्युत उपकेंद्र और सिस्टम आपरेशन की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी व अभियंता कार्य बहिष्कार में शामिल नहीं थे। इस मौके पर आरबी यादव, आरके वाही, राजेंद्र सिंह, मनीष श्रीवास्तव, जगदीश पटेल आदि शामिल रहे।
पुलिस लाइन के पास फाल्ट दुरुस्त करने में लग गए 13 घंटे
बिजली कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते जो फाल्ट चार घंटे में दुरुस्त होना चाहिए था उसे 13 घंटे का समय लग गया। दरअसल सोमवार की सुबह पांच बजे वाहन की टक्कर से पुलिस लाइन पीएनटी कालोनी के पास लगा बिजली का खंभा टूटकर गिर गया।
इसके चलते प्रशांतपुरी कालोनी, डीआईजी कालोनी, खजुरी, राजा कालोनी, पदम श्री शाहिद कालोनी, पीएनटी कालोनी, मकबूल आलम रोड, पक्की बाजार, इंदिरा नगर, इंकम टैक्स कालोनी की बिजली को चालू होने में शाम छह बज गए। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने शिकायतें की लेकिन आपूर्ति बहाल करने में 13 घंटे का समय लग गया।
कोनिया में लाइन ट्रिप निजी कर्मचारियों ने किया दुरुस्त
कोनिया में 33 लाइन ट्रिप होने के चलते दोपहर में तकरीबन दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इसकी जानकारी मिलने पर बड़े अधिकारियों ने निजी कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट दुरुस्त कराके आपूर्ति बहाल कराई। इसके अलावा अन्य उपकेंद्रों पर लोकल फाल्ट दुरुस्त करने के नाम पर निजी कर्मचारियों ने आधे से एक घंटे की कटौती की।