UP: बिजली की मांग ने तोड़े रिकॉर्ड, 28 हजार मेगावाट के पार; ऊर्जा मंत्री ने की लोगों से अपील
प्रदेश में बिजली की मांग ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिजली की अप्रत्याशित बढ़ी मांग से निगम पर भार बढ़ेगा। संयमपूर्ण बिजली उपयोग करने की अपील की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अनपरा। प्रदेश में बिजली की मांग ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। सोमवार को बिजली की मांग 28034 मेगावाट पर पहुंच गई। बिजली की इस अप्रत्याशित मांग से बिजली की आपूर्ति के लिए निगम के पसीने छूट रहे हैं। इस दौरान निगम की सभी इकाइयों को पूर्ण क्षमता से संचालित किया जा रहा है।
जुलाई की शुरुआत में मौसम में आई नमी के कारण बिजली की मांग लुढ़कर 21551 मेगावाट पर आ गई थी। इसके बाद तेज धूप और उमस के कारण मांग बढ़कर 24 हजार मेगावाट के आस-पास पहुंच गई। गत 18 जुलाई को मांग ने 26 हजार का आंकड़ा पार किया था। उमस भरी गर्मी में एसी, कूलर, फ्रिज के निरंतर उपयोग से मांग में भी वृद्धि जारी है। नतीजा सोमवार को बिजली की मांग बढ़कर 28 हजार मेगावाट के पार चली गई।
बिजली की बढ़ी मांग ने अब तक के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिए है। इससे पहले अधिकतम मांग 27 हजार छह सौ मेगावाट तक दर्ज किया गया था। बिजली की बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए निगम की सभी चालू इकाइयों को पूर्ण क्षमता से चलाया जा रहा है। बावजूद निगम को निजी क्षेत्रों से महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। सोमवार की देर शाम प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 28034 मेगावाट और न्यूनतम मांग 18621 मेगावाट रहा। निगम की 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना से सोमवार की देर शाम 2319 मेगावाट, एक हजार मेगावाट की ओबरा बी तापीय परियोजना से 603 मेगावाट और निजी क्षेत्र की 1200 मेगावाट की लैंको अनपरा तापीय परियोजना से कुल 1126 मेगावाट पर उत्पादनरत रही। पीक आवर में लैंको अनपरा की 600 मेगावाट की दूसरी इकाई ने 605 मेगावाट का रिकॉर्ड उत्पादन किया।
ऊर्जा मंत्री ने की अपील
बिजली की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि ने चिंता बढ़ा दी है। खुद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को आगे आकर उपभोक्ताओं से बिजली उपभोग में संयम बरतने की अपील करनी पड़ी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 26 हजार, फिर 27 हजार और कल रात 28 हजार मेगावाट को भी पार कर गई बिजली की मांग। पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस गर्मी में ऐतिहासिक और अप्रत्याशित रूप से बिजली की मांग बढ़ी है। बिजली का संयमपूर्ण उपयोग करें। बचत आवश्यक है। सहयोग प्रार्थनीय है।