Electricity Crisis; मंडुवाडीह में जला केबल, ककरमत्ता में अंडरग्राउंड केबल ब्लॉस्ट से आपूर्ति ठप; ट्रिपिंग जारी
Varanasi News: वाराणसी में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहराता जा रहा है। मंडुवाडीह में केबल जलने और ककरमत्ता में अंडरग्राउंड केबल फाल्ट होने से कई इलाकों की बिजली घंटों ठप रही। शहर में लगातार ट्रिपिंग और कटौती जारी है। बढ़े हुए लोड के कारण तार और उपकरण दबाव नहीं झेल पा रहे हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
विस्तार
Varanasi News: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहर में बिजली आपूर्ति अधिक प्रभावित हो रही है। बिजली निगम की ओर से ट्रांसफॉर्मरों के सुचारु संचालन का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बढ़े हुए लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर और बिजली की लाइनें दबाव नहीं झेल पा रही हैं। इसके चलते शहर के विभिन्न इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बनी हुई है।
बृहस्पतिवार को भी शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह से ही बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 8:30 बजे मंडुवाडीह डीपीएच से जुड़े डीह बाबा फीडर की केबल में आग लग गई। इसके चलते लहरतारा, कैंट और मंडुवाडीह क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान मंडुवाडीह स्थित एलआईसी गली में भी लगातार ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
लोगों को परेशानी
इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे ककरमत्ता क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट हो गया। फाल्ट के कारण उत्तरी ककरमत्ता और हसनपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों ने संबंधित उपकेंद्रों पर संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि मरम्मत कार्य पूरा होने में करीब दो घंटे का समय लगेगा। हालांकि बिजली आपूर्ति दोपहर बाद करीब तीन बजे बहाल हो सकी।
शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली संकट बना रहा। इंग्लिशिया लाइन, शिवदासपुर, मड़ौली, भिटारी, चेतगंज, मैदागिन और कंदवा समेत कई क्षेत्रों में दिनभर बिजली की आवाजाही जारी रही। इससे घरों के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कार्यालयों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली व्यवस्था और अधिक खराब हो गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।