सड़क हादसों ने छीनी तीन जिंदगियां: बाइकों की भिड़ंत में दो की गई जान, कार और बाइक की टक्कर में एक की मौत
जौनपुर जिले में दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। एक घटना कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में हुई, जबकि दूसरी घटना दो बाइकों की टक्कर से हुई।
विस्तार
जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के जमुहर बाजार के निकट बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। एक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कल्याणपुर गांव निवासी अजय दुबे (47) पुत्र अष्टभुजा दुबे नगर के कई प्रतिष्ठानों में लेखा-जोखा का काम देखते थे। बुधवार देर रात काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह मछलीशहर-जंघई मार्ग पर जमुहर बाजार के पास पहुंचे ही थे कि सामने से बाइक लेकर आ रहे कोटवा गांव निवासी शेर बहादुर (45) पुत्र मातादीन की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय दुबे के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शेर बहादुर को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
कार-बाइक की टक्कर में शख्स की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सुजानगंज थाना क्षेत्र के दारुनपुर गांव के पास बुधवार रात करीब नौ बजे कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सुरेश यादव (37) की मौत हो गई, जबकि कार सवार वेद प्रकाश गौतम घायल हो गए।
सोनहिता गांव निवासी सुरेश यादव एक राइस मिल में काम करते थे। बुधवार रात काम खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। दारुनपुर गांव के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश के सीने में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कार सवार वेद प्रकाश गौतम पवारा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दुर्घटना में उन्हें भी चोटें आई हैं। सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुरेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी अनीता यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पुत्र आदित्य और पुत्री श्रेया को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। मां कुबेरा देवी और भाई राजेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
स्कूल वैन और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल
हादसे में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
