Power Crisis: अधिकारी बोले- ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा जा रहा, एसी बंद कर दें; एक घंटे बाद चालू करिएगा
Varanasi News: वाराणसी जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था भी ध्वस्त है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंदवा में 24 घंटे में 30 बार ट्रिपिंग हुई। भिखारीपुर से मेन सप्लाई बंद होने से दिक्कत हुई।
विस्तार
ऊर्जा मंत्री की समीक्षा बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी और अधिकारी ट्रांसफॉर्मर, तार सहित अन्य उपकरणों के सही तरीके से चलने की बात भले ही कर रहे हों, लेकिन हकीकत इससे अलग है। मंडुवाडीह इलाके में ट्रांसफॉर्मर के जलने के बाद उसे 12 घंटे में बदला गया, लेकिन व्यवस्था की हकीकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जेई ने उपभोक्ताओं से कहा कि ट्रांसफॉर्मर पर लोड ज्यादा जा रहा है, एसी बंद कर दें, 1 घंटे बाद चालू करिएगा।
शहर में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी बेपटरी हो गई है। सबसे ज्यादा परेशानी रात में हो रही है। कहीं लो वोल्टेज से लोग परेशान हैं तो कहीं ट्रांसफॉर्मर में खराबी, तार जलने की वजह से बिजली आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। शनिवार आधी रात के बाद कैंट से मेन सप्लाई बाधित होने से लहरतारा, मंडुवाडीह, महमूरगंज, महेशपुर, भिटारी, बौलिया सहित आधे शहर में अंधेरा छा गया। रविवार भोर में करीब 4 बजे किसी तरह आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद से ट्रिपिंग की समस्या शुरू हो गई। रविवार रात करीब 8 बजे भिखारीपुर से मेन सप्लाई बंद होने से दयाल इन्क्लेव, गणेश बाग, मोतीझील आदि जगहों पर बिजली कटी रही। इसके अलावा गोकुलनगर, महमूरगंज और मोतीझील में भी बिजली नहीं रही।
सरकारीपुरा, मंडुवाडीह थाने के पास शाम 6 बजे करीब 40 मिनट तक बिजली गुल रही। सबसे खराब स्थिति कंदवा इलाके की है। यहां रोमा गोल्फ अपार्टमेंट कंदवा और आसपास की कॉलोनियों में 24 घंटे (शनिवार रात 11 बजे से रविवार रात) के भीतर 30 बार ट्रिपिंग हुई। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इलेक्ट्रिक उपकरण भी पूरी क्षमता से नहीं चल सके।
अधिकारी बोले
तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से एसी, कूलर, पंखा आदि इलेक्ट्रिक उपकरणों का प्रयोग बढ़ गया है। ट्रांसफॉर्मर और तारों पर इस वजह से से लोड बढ़ जा रहा है। जिस जगह ट्रांसफॉर्मर में खराबी या तार जलने की सूचना मिल रही है, वहां संबंधित उपकेंद्र की टीम भेजकर ठीक करवाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि जरूरत के हिसाब से इलेक्ट्रिक उपकरणों का प्रयोग करें। -राकेश कुमार, मुख्य अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम