लापरवाही की हद: आधे-अधूरे सुरक्षा उपकरणों से मरम्मत कर रहे बिजली कर्मचारी, नहीं मिल पा रहे पूरे सेफ्टी उपकरण
बिजली कर्मचारियों को पूरा सेफ्टी उपकरण नहीं मिल पाने से उन्हें काम करने में दिक्कत होती है। कभी-कभी जान-माल की भी दिक्कत हो जाती है। निगम की ओर से उपकरणों की उपलब्धता के लिए चेक लिस्ट मांगी गई है।
विस्तार
बिजली निगम की ओर से खंभे, ट्रांसफाॅर्मर पर काम करते समय कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों का पालन करने को कहा तो जा रहा है लेकिन हकीकत में कर्मचारियों को पूरे उपकरण ही नहीं मिल रहे हैं। अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि कर्मचारियों को आधे-अधूरे उपकरणों के साथ जैसे-तैसे काम करना पड़ रहा है।
यह स्थिति तब है जब आए दिन बिजली कर्मियों के साथ हादसे हो रहे हैं। इसके लिए निगम की ओर से उपकेंद्रवार उपकरणों की उपलब्धता के लिए चेक लिस्ट भी तैयार करने को कहा गया है। इसमें भी कई जरूरी उपकरण उपकेंद्रों से नहीं मिल पा रहे हैं।
बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए फॉल्ट मरम्मत करने के दौरान लाइनमैन की सुरक्षा के लिए सुरक्षा उपकरण दिए जाने का प्रावधान हैं। मरम्मत के दौरान शटडाउन लेने के बाद अर्थचेन, अर्थराॅड, सेफ्टी बेल्ट, दस्ताने, हेलमेट सहित अन्य जरूरी उपकरणों का प्रयोग करना होता है। निगम की ओर से इसके लिए उपकेंद्रों को एक फाॅर्मेट दिया गया है, इसको तब भरना है, जब कोई कर्मचारी फाॅल्ट ठीक करने जाएगा।
होती है परेशानी
अधिकांश जगहों पर अर्थरॉड ही नहीं है। इधर रविवार को दिन में पांडेयपुर के पास फाॅल्ट ठीक करने के लिए एक लाइनमैन बिना दस्ताना पहने खंभे पर चढ़ा था। सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना काम करने की इस तरह की तस्वीर आए दिन देखने को मिल जाती हैं। विद्युत मजदूर पंचायत के पूर्वांचल मंत्री अंकुर पांडेय का कहना है कि जिस तरह से संविदा लाइनमैनों के साथ हादसे हो रहे हैं, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
करंट लगने से हुईं माैतें
- 21 सितंबर 2025 : मड़ौली में खंभे पर करंट से लाइनमैन की मौत।
- 20 मई 2025 : पुलिस लाइन परिसर में संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत।
- 28 मई 2024 : बेनियाबाग उपकेंद्र पर तैनात बिजली कर्मी की मौत।
- 18 जुलाई 2022: हरसोस गांव में जंफर जोड़ने चढ़े संविदा कर्मी की मौत।
सभी उपकेंद्रों को लाइनमैन के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए गए हैं। इसके लिए चेक लिस्ट भी बनाई गई है। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वह सभी सुरक्षा उपकरणों को लाइनमैन को दिलवाएं, जिससे कि वह जरूरत पड़ने पर प्रयोग कर सकें। - राकेश पांडेय, मुख्य अभियंता