ईद की खुशियां मातम में बदली: वाराणसी में दो बाइक की टक्कर में तीन की मौत, देर रात हुआ हादसा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक के शॉकर तक टूटकर अलग हो गए। हादसे में दो युवक और एक किशोर की मौत हो गई। वहीं, दो युवक घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के बसनी गांव में रविवार रात दो बाइक की टक्कर में दो युवक और एक किशोर की मौत हो गई। वहीं, दो युवक घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक के शॉकर तक टूटकर अलग हो गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ईंद की खुशियां मातम में बदल गईं।
बड़ागांव थाना अंतर्गत बसनी रामपुर निवासी मुख्तार अली के दो बेटे राजू (24) व राजा बाबू (12) शाम में रोजा खोलने के बाद बाइक से बड़ागांव बाजार कपड़ा खरीदने के लिए निकले। उसी गांव के रहने वाले वैस अली (25), टीपू (28) वर्ष और मुस्लिम (18) एक ही बाइक से बगैर हेलमेट के खरीदारी के लिए बाजार निकले।
रात सवा आठ बजे बाबतपुर-जमालपुर मार्ग स्थित बसनी शिव सरोवर के पास दोनों की बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी दूर जा गिरे, बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और चेहरे, सिर, हाथ में बुरी तरह चोटें आई। घायलों को तुरंत आसपास के लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे की सूचना से गांव में मचा कोहराम
तब तक सूचना पाकर बड़ागांव इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गए। हादसे में घायल एक ही परिवार के राजू, राजा बाबू और गांव के टीपू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। ग्रामीण और परिजन अस्पताल में जुट गए। वहीं घायल वैस और मुस्लिम की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार हेलमेट पहने होते तो शायद इतनी चोटें नहीं आती। दोनों बाइक सवार बगैर हेलमेट के थे।
ईद मनाने के लिए सूरत से आया था राजू
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से बसनी रामपुर में कोहराम की स्थिति है। ईंद की खुशियां मातम में बदल गईं। दो बेटों की मौत से मुख्तार अली सहित परिवार के सभी सदस्य सदमे में रहे। मुख्तार के परिजनों के अनुसार बड़ा बेटा राजू ईद मनाने के लिए सूरत से आया था, वह वहां साड़ी बुनाई का काम करता था। जबकि छोटा बेटा राजा बाबू कक्षा पांचवीं का छात्र था। छोटे भाई को ईद के लिए कपड़ा खरीदवाने जा रहा था। खुदा ने यह कैसा अनर्थ कर दिया।
दो घायलों की स्थिति नाजुक
वहीं गांव के निक्की अली का पुत्र टीपू अली की मौत से परिवार वाले सदमे में रहे। पिता निक्की के अनुसार काश वह एक साथ बाइक से नहीं जाता। उधर, मुबारक का पुत्र वैस अली व गुड्डू के पुत्र मुस्लिम की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों के सिर और चेहरे बुरी तरह जख्मी है। इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया गया।