रिश्तों का कत्ल: बनारस में शख्स ने छोटे भाई और उसकी पत्नी को हथौड़े से मार डाला, घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात
रहीमपुर नई बस्ती मुन्ना (40) का अपने छोटे भाई निसार (35) के साथ कई माह से आपसी रंजिश चल रहा था। रविवार सुबह हुई मारपीट के बाद मुन्ना ने निसार और उसकी पत्नी पर हथौड़े से हमला बोल दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रहीमपुर नई बस्ती मोहल्ले में रविवार सुबह बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ा भाई और उसकी पत्नी घर से भाग निकले। रोज के घरेलू झगडे़ और आपसी रंजिश में हुई हत्या की सूचना पाकर मौके पर पहुंची लोहता पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और सीओ सदर ने घटनास्थल का जायजा लिया और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की। मां जुलेखा की तहरीर पर आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
भदोही के स्वर्गीय महबूब अली का परिवार छह-सात साल पूर्व लोहता के नई बस्ती में आकर बस गया था। महबूब अली के पांच पुत्र है। एक दुबई में रहता है बाकि चार रहीमपुर में रहते हैं। बेटों में तीसरे नंबर का नियाज भदोही में एक वारदात के बाद से जेल में निरूद्ध है। जबकि घर में बड़ा भाई निजामुद्दीन, छोटा भाई निसार व नसीर रहते हैं।
ऐसे हुई झगड़े की शुरुआत
घर में निजामुद्दीन और निसार के बीच कई माह से मनमुटाव था। रविवार सुबह नौ बजे निजामुद्दीन उर्फ मुन्ना की सात वर्षीय बेटी शाइस्ता खाना मांग रही थी तो निसार उर्फ सीपू 35 वर्ष की पत्नी खुशबू 30 वर्ष ने थाली में खाना लाकर परोस दिया। जबकि दोनों भाइयों का किचन अलग-अलग है।
यह देखते ही नियाजुद्दीन और उसकी पत्नी शहजादी ने खुशबू का विरोध किया कि तुमने क्यों मेरी बेटी को खाना दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ तो तब तक निसार बीच में पड़कर समझाने का प्रयास करने लगा। दोनों का विवाद छत पर हो रहा था। तभी एक धारदार राड से निजामुद्दीन ने निसार के गर्दन पर वार कर दिया और पास में रखे हथौड़े से सिर पर वार किया।
पति को बचाने आगे आई खुशबू को भी गुस्से में निजामुद्दीन ने हथौड़े से सिर पर वारकर लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ दंपती को बीएचयू स्थित ट्रामा सेेंटर भिजवाया, जहां रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद निजामुद्दीन और उसकी पत्नी शहजादी मौके से फरार हो गई।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि बड़े भाई और उसकी पत्नी शहजादी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।