वाराणसी में डबल मर्डर: दबंग ने लकड़ी के पटरे से वार कर पिता-पुत्र को मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वाराणसी के सोयेपुर पोखरा स्थित राजभर बस्ती में बीती रात पिता-पुत्र की लकड़ी के पटरे से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर पोखरा स्थित राजभर बस्ती में पिता-पुत्र की लकड़ी के पटरे से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोयेपुर गांव में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर पोखरा स्थित राजभर बस्ती छावनी में रहने वाले जलालुद्दीन (60) अपने बेटे शमशेर(30) के साथ हर दिन की तरह रविवार रात घर के बाहर सो रहे थे। आरोप है कि आधी रात बाद गांव के ही दशमी राजभर नशे की हालत में दरवाजे पर पहुंचा और पिता-पुत्र को गाली देने लगा।
जब जलालुद्दीन ने विरोध किया तो पास में ही रखे पटरे से पिटाई शुरू कर दी। जब शमशेर ने इसका विरोध किया तो दशमी ने उसकी भी पिटाई कर दी। घटना में पिता-पुत्र लहूलुहान स्थिति में पड़े थे। पास में ही सो रहा शमशेर का लड़का आर्यन (13) भागकर पुलिस चौकी पर पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। बताया जा रहा है कि पिता और पुत्र दोनों मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उधर पुलिस ने मामले में आरोपी दशमी राजभर हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
चार बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
शमशेर के चार बेटे थे। उसकी मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। शमशेर अपने पिता जलालुद्दीन के साथ किसी तरह झोपड़ी में रहकर जीवन यापन करता था। चार साल पहले ही उसकी मां की भी मौत हो गई थी। शमशेर की मौत की खबर मिलने के बाद उसके बच्चों आर्यन(13), जन्नत(12), समीर(16) और रिजवान(7) का रो रोकर बुरा हाल था।
जिस समय घटना हुई, उस समय आर्यन और जन्नत पिता के पास ही सो रहे थे जबकि समीर और रिजवान दूसरी जगह सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार की रात में ही मृतक शमशेर की बहन नगीना भी सोयेपुर स्थित उसके घर आई थी। पिता और भाई के साथ खाना खाकर वह अपने घर चौबेपुर गयी थी। उसको क्या पता था कि पिता और भाई के साथ उसकी अंतिम मुलाकात है।