वाराणसी : ड्यूटी से गायब रहने वाले लेखपाल को डीएम ने किया निलंबित
संपूर्ण समाधान दिवस पर ग्रामीणों की शिकायत पर मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने वाराणसी में नहवानीपुर के लेखपाल सुरेश को निलंबित कर दिया। इससे पहले डीएम ने तहसील परिसर में जनसुनवाई के दौरान लेखपाल को कई बार आवाज दी। मगर, उनके नहीं आने पर कार्रवाई की गई।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय मीणा, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह और एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने मंगलवार को राजातालाब तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस पर जन सुनवाई की। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने शाहंशाहपुर मौजा से आई अनुसूचित जाति की महिलाएं जो वर्षों से जिस जमीन पर रह रही हैं उन्हें दबंगों द्वारा हटा दिए जाने की शिकायत पर एसडीएम सदर को निर्देश दिया कि टीम के साथ मौके पर जाकर जांच करके रिपोर्ट दें।
बीडीओ आराजीलाइन को निर्देशित किया कि नलकूप के नाली तोड़ने वाले धानापुर के ग्राम प्रधान तेज बहादुर पटेल के खिलाफ एफआईआर कराएं और तत्काल जेई, एई और नलकूप चालक मिलकर नाली बनवाएं।
कमिश्नर ने दीपापुर में खेल के मैदान में ग्राम प्रधान के कब्जा किए जाने की शिकायत पर नायब तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए। खेवली के लेखपाल को बंजर जमीन पर निर्माण को तत्काल गिरवाने और ना गिराने पर लेखपाल के खिलाफ एफआईआर कराने का तहसीलदार को निर्देश दिया। तहसील राजातालाब के निर्मित भवन की खराब गुणवत्ता पर पैक्सफेड के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता को फटकार लगाई।
जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने सरकारी जमीनों के कब्जे की शिकायतों पर लेखपाल और कानूनगो की बैठक में फटकार लगाई। दी राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी से मिला। बार अध्यक्ष छेदी यादव, महामंत्री प्रदीप सिंह, उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश दुबे, पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज, सुनील सिंह ने कहा कि तहसील में रिकॉर्ड रूम की कोई व्यवस्था नहीं है, इससे नकली प्राप्त करने में दिक्कत आती है।
तहसीलदार न्यायिक का पद कई महीने से खाली होने की भी बात उठाई। अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। राजातालाब तहसील पर 122, पिंडरा पर 105 तथा सदर पर 117 सहित कुल 344 प्राप्त पत्रों में मौके पर क्रमश: 32, 15 व 19 कुल 66 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।