दीपावली: 14 चौराहों पर तैनात रहीं दमकल की गाड़ियां, वाटर टैंकर भी रहे; रात एक बजे तक 87 शिकायतें पहुंचीं
दीपावली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए वाराणसी के 14 प्रमुख चौराहों पर दमकल की गाड़ियां और वाटर टैंकर तैनात रहे। रात एक बजे तक कंट्रोल रूम में 87 शिकायतें पहुंचीं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस भी अलर्ट रही। आतिशबाजी के दौरान अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई।
विस्तार
दिवाली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने शहर में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए शहर के 14 प्रमुख चौराहों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की गईं। साथ ही वाटर टैंकर भी लगाए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। दिवाली की देर रात तक दमकल कर्मियों ने विभिन्न इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।
खासकर सिगरा, लंका, रथयात्रा, पांडेयपुर, भोजूबीर, सोनारपुरा और मैदागिन के चौराहों व तिराहों पर दमकल की गाड़ियां खड़ी रहीं। भीड़भाड़ वाले बाजारों, रिहायशी इलाकों और पटाखों की दुकानों के आसपास विशेष सतर्कता बरती गई। दमकल कर्मियों ने ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी की, जहां आतिशबाजी के दौरान आग लगने की आशंका अधिक थी। कंट्रोल रूम में 87 शिकायतें पहुंचीं। हालांकि, ये सभी छोटी-मोटी आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं।
विभाग ने किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए दमकल की गाड़ियों को रणनीतिक रूप से चौराहों पर तैनात किया था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि अग्निशमन विभाग की इस व्यवस्था का उद्देश्य आग लगने की स्थिति में घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करना था। त्योहार के दौरान देर रात तक दमकल की टीमें सक्रिय रहीं और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेती रहीं।
75 से ज्यादा शराबियों को पुलिस ने पकड़ा
खुले में शराब पीने वालों को पुलिस ने पकड़ा। 75 से ज्यादा शराबियों को पुलिस ने पकड़ा। पकड़े गए सभी लोग खुले स्थानों पर शराब पीते मिले। इस बात की शिकायत स्थानीय लोगों ने पुलिस से की। चेतगंज पुलिस ने संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के पास छह लोगों को पकड़ा। थाना प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्हें पकड़ा गया और कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
सिगरा में कैंट-इंग्लिशियालाइन के पास 10 लोगों को पुलिस ने शराब पीते पकड़ा। सभी जवाहर नगर के रास्ते दीवार से सटे खुले स्थान पर शराब पी रहे थे। पकड़े गए सभी लोग बाहरी थे, खासकर बिहार के रहने वाले थे। इसी तरह पांडेयपुर, लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस, भेलूपुर और सारनाथ पुलिस ने भी खुले में शराब पीने वालों को पकड़ा।
अस्पतालों में मुस्तैद रही टीम, चौराहों पर घूमती रहीं एंबुलेंस
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर दीपावली के दिन स्वास्थ्य टीम मुस्तैद रही। उधर, शहर से लेकर गांव तक चौराहों पर एंबुलेंस घूमती रहीं। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों की सेवा के साथ ही दीपावली भी मनाई। इस दौरान अस्पताल परिसर में दीपक और मोमबत्तियां जलाकर स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की समर्पित भाव से सेवा करते रहने का संकल्प लिया।
दीपावली पर शाम होते ही हर तरफ आतिशबाजी होने लगी। बच्चों और बड़ों ने हर साल की तरह इस साल भी खूब पटाखे जलाए। रात में भी मंडलीय अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की इमरजेंसी में टीम तैनात रही। पटाखे जलाने की वजह से कुछ लोगों के हाथों में जलन की समस्या हुई। इस पर डॉक्टरों ने तत्काल इलाज किया।
उधर, स्वास्थ्य केंद्रों के पास 108 नंबर की एंबुलेंस भी खड़ी रहीं। सीएमओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में दो दिन में 20 लोगों ने फोन कर पटाखों से हाथ जलने पर उपचार की जानकारी ली, तो कुछ लोगों ने सोमवार को अस्पताल खुलेंगे या नहीं, इसकी जानकारी ली।