दीपावली 2026: हादसों से निपटने को प्रशासन अलर्ट, इमरजेंसी नंबर पर फोन से तुरंत मिलेंगी सुविधाएं
दिवाली पर हादसों से निपटने को प्रशासन तैयार है। वाराणसी में अस्पताल, बिजली और नगर निगम में इमरजेंसी टीम तैयार है। अग्निशमन विभाग भी मुस्तैद है। वहीं इमरजेंसी नंबर पर फोन से तत्काल सुविधा मिलेगी।
विस्तार
दिवाली पर पटाखा जलाने के दौरान किसी भी तरह की घटनाओं से निपटने के लिए जिला, पुलिस प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, बिजली, नगर निगम में अलर्ट जारी किया गया है। यहां इमरजेंसी टीम को तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत टीम को रवाना किया जा सके। दो दिन बाद दिवाली मनाई जाएगी।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में लोग खूब आतिशबाजी करते हैं। किसी तरह से आग लगने, पटाखा से जलने की घटनाओं पर लोगों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो, इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक ओर जहां पुलिस आयुक्त की ओर से सभी थानों पर पुलिस को मुस्तैद रहने को कहा गया है, वहीं सरकारी और निजी अस्पतालों में बेड रिजर्व कराने के साथ ही सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन की इमरजेंसी में डयूटी लगाई गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह का कहना है कि किसी भी तरह की इमरजेंसी में 108 नंबर एंबुलेंस को बुला सकते हैं। इसके बाद अस्पताल पहुंचने पर हर संभव बेहतर इलाज किया जाएगा। उधर नगर निगम और बिजली निगम भी दीपावली पर पूरी तरह तैयार है। बिजली निगम के मुख्य अभियंता एके वर्मा ने सभी अधिशासी अभियंता से लेकर उपखंड अधिकारी को निगरानी करते रहने को कहा है।
समस्या पर इन नंबर पर कर सकेंगे फोन
- स्वास्थ्य विभाग-108 नंबर
- पुलिस और फायर ब्रिगेड-112 नंबर
- बिजली निगम-1912
- नगर निगम-1533
धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वरुणा जोन पुलिस ने बृहस्पतिवार को विशेष अभियान चलाया। इसके तहत अवैध रूप से संचालित ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाम से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें; यूपी: 10 साल के अपराधों का रिकॉर्ड खंगालकर त्योहारों की सुरक्षा में जुटी पुलिस, डीआईजी ने संभाली कमान
डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अवैध ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान वाहनों की चेकिंग कर उनमें लगे प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर भी निकलवाए गए। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। वरुणा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में दिनभर अभियान चलाकर अवैध वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
धनतेरस से छठ पूजा तक नहीं कटेगी बिजली
धनतेरस से छठ पूजा तक निर्बाध बिजली के लिए बिजली निगम ने तैयारी की है। त्योहारों के दौरान किसी भी क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं की जाएगी। आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बिजली घरों से लेकर फील्ड स्तर तक कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रांसफार्मर में खराबी, केबल जलने या लोकल फाल्ट की समस्या आती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।
मुख्य अभियंता ई. अनिल वर्मा ने बताया कि धनतेरस से दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा तक बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और घाटों पर चहल-पहल रहेगी। इस दौरान बिजली की मांग भी बढ़ेगी। खासकर शाम के समय घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में रोशनी के इंतजाम के चलते बिजली का उपयोग बढ़ेगा। इसे देख पहले से तैयारियां कर ली गई हैं। जिले में 700 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ा दी गई है।
उपकेंद्रों की भी क्षमता बढ़ा दी गई है। फील्ड में तैनात टीमें फॉल्ट की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम करेंगी। ट्रांसफार्मर और बिजली की लाइनों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। वहीं, बिजलीघरों पर भी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में आपूर्ति बहाल करने में देरी न हो।
बैकअप में रखे गए 40 ट्रांसफार्मर
अधिशासी अभियंता आरवी शर्मा ने बताया कि दीपावली पर लाइट न कटे या ट्रांसफार्मर से जुड़ी कोई समस्या न हो इसके लिए 40 ट्रांसफार्मरों को बैकअप में रखा गया है। ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी शामिल हैं। शिकायतें मिलने पर तत्काल आपूर्ति बहाल की जाएगी।
फॉल्ट होने पर 1912 पर या नजदीकी उपकेंद्र पर करें शिकायत
अधिशासी अभियंता ने बताया कि दीपावली के दौरान तार या ट्रांसफार्मर जलने, तार टूटने जैसी समस्या हो तो उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायतें दर्ज कराएं। नजदीकी उपकेंद्र पर भी शिकायतें दर्ज कराई जाई सकती हैं। शिकायत मिलते ही तत्काल उन्हें ठीक कराया जाएगा।