यूपी: एनसीएल खड़िया माइंस में डीजल चोरी, बोलेरो के साथ एक गिरफ्तार; सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की भी जांच
एनसीएल खड़िया माइंस में डीजल चोरी के मामले में शक्तिनगर पुलिस ने अमरजीत विश्वकर्मा उर्फ मंटू को गिरफ्तार किया है। बोलेरो से 50 लीटर चोरी का डीजल, नौ खाली जरीकेन और पाइप बरामद हुए हैं। सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की आशंका पर पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
विस्तार
एनसीएल की खड़िया माइंस में डीजल चोरी के मामले में पुलिस ने बोलेरो के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 50 लीटर चोरी का डीजल, नौ खाली जरीकेन और डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला पाइप बरामद किया गया है। मामले में एनसीएल के कुछ सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस को आशंका है कि सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत से माइंस से डीजल चोरी किया जा रहा था। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
एसओ सत्येंद्र राय के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस और एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम ने खड़िया माइंस में कार्रवाई की। इस दौरान अनपरा के परासी निवासी अमरजीत विश्वकर्मा उर्फ मंटू (35) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 50 लीटर डीजल, नौ खाली जरीकेन और डीजल निकालने वाला पाइप मिला। मौके से एक बोलेरो भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल चोरी के डीजल को ले जाने में किए जाने की आशंका है।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ शक्तिनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि माइंस परिसर से डीजल चोरी करने के लिए अंदरूनी स्तर पर मदद मिलने की आशंका है। इसी आधार पर एनसीएल के कुछ सुरक्षाकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा डीजल कहां खपाया जा रहा था।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं तीन मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमरजीत विश्वकर्मा उर्फ मंटू के खिलाफ शक्तिनगर थाने में पहले से भी तीन मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020, 2025 और 2026 के मामले शामिल हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षाकर्मियों की संलिप्तता की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और डीजल चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।