धनतेरस: काशी में होगी धनवर्षा, शुभ मुहूर्त में खरीदारी करेंगे लोग, 4000 करोड़ के कारोबार का अनुमान
काशी में धनतेरस पर जमकर धनवर्षा होगी। शहर से लेकर गांव तक के बाजार रोशनी से जगमगा रहे हैं। धनतेरस की पूर्व संध्या पर ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए शो रूम दो घंटे अधिक समय तक खुले रहे।
विस्तार
धनतेरस को लेकर बाजार में काफी उत्साह है। त्योहार की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख बाजारों में देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। गोदौलिया, चौक, भेलूपुर, मैदागिन, लक्सा, लंका, विशेश्वरगंज और सिगरा के व्यापारिक प्रतिष्ठान रंग-बिरंगी रोशनी से नहाए रहे।
बाजार में देर रात तक खरीदारी होती रही। ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए शो रूम दो घंटे अधिक समय तक खुले रहे। कारोबारी संगठनों के अनुसार, धनतेरस पर जिले में कुल 4000 करोड़ का कारोबार का अनुमान है। इस वर्ष का कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में 10-15 फीसदी अधिक हो सकता है।
चौक और रेशम कटरा सहित सिगरा, रथयात्रा, भेलूपुर, लंका, लहुराबीर समेत सभी सराफा शो रूम पर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। इस वर्ष हल्के आभूषणों, सोने के लॉकेट और हॉलमार्क वाले सोने-चांदी के सिक्कों की सर्वाधिक मांग रही। चांदी के बर्तनों (कटोरी, ग्लास, चम्मच) और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की अग्रिम बुकिंग व तत्काल खरीदारी में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
वाराणसी सराफा एसोसिएशन के अनुसार, धनतेरस पर सराफा से 1000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। त्योहारी छूट और डिलीवरी की होड़ के चलते दोपहिया और चार पहिया वाहनों के शोरूम रात 11 बजे तक खुले रहे। दोपहिया, चार पहिया और प्रीमियम स्मार्टफोन्स की प्री-बुकिंग में जीरो डाउनपेमेंट और आसान ईएमआई स्कीम वॉल्यूम बढ़ाने में मुख्य कारक साबित हो रही हैं।
सिगरा और रथयात्रा के बाजारों में बड़ी स्क्रीन वाले स्मार्ट टीवी, डबल-डोर रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए देर रात शो रूम पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। ठठेरी बाजार और लक्सा स्थित बर्तन मंडियों में पीतल और तांबे के कलश, पूजा थाली और आधुनिक किचन सेट खरीदने के लिए देर रात तक परिवार पहुंचे।
