दिल्ली हिंसाः अभिनेता अनुराग के शिकायत की जांच के लिए दिल्ली जाएंगी पुलिस
मुंबई से आए कलाकार अनुराग मिश्रा की शिकायत की जांच के क्रम में सिगरा थाने के एक दरोगा नई दिल्ली जाएंगे। दिल्ली पुलिस की मदद से दरोगा पड़ताल कर रिपोर्ट देंगे कि दंगे के दौरान फायरिंग करने वाले युवक की जगह सोशल मीडिया पर अनुराग की तस्वीरें कैसे वायरल होने लगीं।
इसके साथ ही बीती 24 जनवरी को अनुराग कहां थे, इसकी तस्दीक के लिए उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही पुलिस उस होटल के सीसी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में लेगी जहां वह ठहरे हुए हैं। प्रकरण में सिगरा पुलिस के सहयोग के लिए क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को भी लगाया गया है।
अस्सी और राजेंद्र प्रसाद घाट पर शुक्रवार से शुरू हुए यूपी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के आयोजन के मद्देनजर दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा निवासी अनुराग इन दिनों शहर में रुके हुए हैं। बृहस्पतिवार की रात अनुराग ने सिगरा थाने में तहरीर दी थी। अनुराग के अनुसार वह बीती 20 फरवरी से वाराणसी में है।
इस बीच सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर उनकी फेसबुक आईडी और तस्वीरों को वायरल किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दिल्ली दंगे के दौरान खुलेआम फायरिंग करने वाला और हिंसा फैलाने वाला शाहरुख नहीं अनुराग मिश्रा है। इन अफवाहों के चलते उनके साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज संपन्न कराने में व्यस्त पुलिस इस मामले की जांच के क्रम में कुछ खास नहीं कर सकी। शनिवार से प्रकरण की जांच गति पकड़ेगी। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।