काशी की सड़कें बदहाल: दो बार बढ़ी मियाद, अब तक नहीं बनीं 150 किमी सड़कें; कहीं धूल तो कहीं कीचड़ और गड्ढे
वाराणसी में बिजली के तार और सीवर-पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह खोदाई की गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसके अलावा सड़कों की खोदाई से शहर में जाम की समस्या भी बढ़ गई है।
विस्तार
दो बार समय सीमा बढ़ाने के बावजूद शहर की 150 किलोमीटर सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। इनमें पीडब्ल्यूडी की 60 किलोमीटर और नगर निगम की 90 किलोमीटर सड़कें शामिल हैं। शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली के तार भूमिगत करने और सीवर-पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई की गई है।
अनुमति लेकर खोदाई करने और तय समय में काम पूरा करने के उच्चाधिकारियों के निर्देशों का भी असर नहीं दिख रहा है। मनमाने तरीके से हो रही खोदाई के कारण सड़कें बदहाल हैं। कहीं धूल उड़ रही है तो कहीं कीचड़ और गड्ढों के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है।
सड़कों की खोदाई से शहर में जाम की समस्या भी बढ़ गई है। कहीं सीवर लाइन बिछाने तो कहीं बिजली के तार भूमिगत करने के नाम पर सड़कों को खोदा जा रहा है। इसके चलते प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। मंडुवाडीह, महमूरगंज, नदेसर, सिगरा, रथयात्रा, तेलियाबाग, लंका-सुंदरपुर और फातमान रोड समेत कई इलाकों में काम चल रहा है।
लहुराबीर से मैदागिन, नई सड़क, लक्सा, लंका और सुंदरपुर-डीरेका सहित कई प्रमुख मार्गों की भी खोदाई की गई है। रथयात्रा-महमूरगंज क्षेत्र में जल निगम की ओर से पेयजल और सीवेज पाइपलाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। इससे पहले सड़कों की मरम्मत के लिए 30 जून और फिर 31 अक्तूबर तक का समय दिया गया था। अब ये मियाद 31 दिसंबर तब बढ़ी दी गई है।
1170 किमी निगम, 930 किमी सड़क पीडब्ल्यूडी के पास
1170 किमी सड़क नगर निगम और 930 किमी सड़क पीडब्ल्यूडी की हैं। इनमें 150 किमी सड़कों की मरम्मत होनी है। पिछले दिनों नवरात्र में मरम्मत का कार्य कराया गया था। जिसे फिर से खोदा जा रहा है। सबसे अधिक अधिक मंडुवाडीह, महमूरगंज इलाके में आ रही है।
3216 मीटर लंबी छह में से दो सड़कों का काम पूरा नहीं
सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम सीमा की प्रमुख सड़कों का कायाकल्प कराया जा रहा है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 3216 मीटर लंबी छह सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें महमूरगंज और सिगरा से औरंगाबाद मार्ग का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है।
ठेकेदार को हिदायत दी गई है। दिसंबर तक काम पूरा न होने पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में दो बार मौका दिया जा चुका है। -सुरेश चंद्र, मुख्य अभियंता, नगर निगम बिजली का तार डालने के लिए सड़कों की खोदाई बिजली निगम ने की है। उन्हें सड़कों को रिस्टोर करके हस्तांतरण करने को कहा गया है। -केके सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी
