घर के पास पेड़ से लटकता मिला बुजुर्ग का शव, सपा नेता समेत छह के खिलाफ केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बुजुर्ग की लाश पेड़ से लटकी मिली। इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता, उसके दो बेटों और तीन अन्य पड़ोसियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के मर्यादपुर निवासी विश्वंभर नाथ मिश्र रोडवेज में परिचालक के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहकर खेती करते थे। उनके बेटे बाहर रहकर कमाते हैं। लॉकडाउन के चलते पीएसी में कार्यरत एक बेटे को छोड़कर शेष चारों बेटे घर पर ही हैं। रविवार रात को रोजाना की तरह विश्वंभर नाथ भोजन करके मकान के बरामदे में सो गए।
सोमवार सुबह उनका शव बगल में नीम के पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजनों ने पुलिस को फोनकर सूचना दी। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के बेटे प्रमोद मिश्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में पिता की हत्या करके शव नीम के पेड़ पर टांग देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मर्यादपुर निवासी सपा नेता सहित छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक का आरोपियों के साथ पुराना जमीनी विवाद बताया जाता है। कुछ दिन पहले आरोपी पक्ष के एक परिवार और मृतक के परिवार के लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस बाबत एसएचओ संजीव कुमार दुबे का कहना है कि शव पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर सपा नेता राजेंद्र मिश्र का कहना है कि उन्हें और उनके बेटों को साजिशन फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। मेरा एक बेटा दसवीं का छात्र है और दूसरे बेटे का एम्स में ऑपरेशन हो चुका है। जमीनी विवाद में मृतक के परिवार से दो साल पहले ही समझौता हो चुका है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।