Varanasi News: गलत दिशा में मालवाहक को DCP ने रूकवाया, चालक की वजह से लगा जाम; वाहन को किया सीज
Varanasi News: मालवाहक वाहन के कारण जाम की स्थिति देखते हुए डीसीपी ने सख्त कार्रवाई की। वाहन गलत दिशा में जा रही थी। इस कारण राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग स्थित गोसाईपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम गलत दिशा में मालवाहक वाहन को डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने रूकवाया। सही दिशा में जाने के बजाय चोलापुर से शहर की ओर लौट रहे डीसीपी प्रमोद कुमार जब गोसाईपुर गांव के समीप पहुंचे, तभी उनकी नजर गलत दिशा से आ रहे भारी मालवाहक वाहन पर पड़ी।
यातायात नियमों का उल्लंघन को देखते हुए उन्होंने तुरंत वाहन को रुकवाया और चालक को सही दिशा में चलने के निर्देश दिए। कुछ देर बाद नाराज चालक ने वाहन को बीच सड़क पर ही खड़ा कर इंजन बंद कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों के बार-बार कहने के बावजूद वाहन हटाने से इनकार कर दिया और यह कहकर नीचे उतर गया कि वाहन का ईंधन खत्म हो गया है।
पुलिस ने की कार्रवाई
चालक की इस हरकत से कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को गंभीर होता देख डीसीपी ने तत्काल थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिसकर्मियों ने पहले वाहन को धक्का लगाकर किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर ट्रैक्टर की मदद ली गई।
काफी प्रयास के बाद मालवाहक को सड़क से हटाकर किनारे किया गया और बाद में उसे थाने भिजवा दिया गया। तब जाकर यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका। संबंधित मालवाहक वाहन चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित एक गुटखा फैक्ट्री से जुड़ा है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मालवाहक को थाने भेजा गया। चालक के खिलाफ भी कार्यवाही की गई है।