व्यवसायी हत्या : बनारस-चंदौली के दो बदमाशों ने रची थी हत्या और लूट की साजिश, चार लोग हिरासत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के पहड़िया क्षेत्र की कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी पाइप व्यवसायी धर्मेंद्र गुप्ता की हत्या और लूटपाट की साजिश बनारस और चंदौली निवासी दो बदमाशों ने रची थी। पूछताछ में दोनों से मिली जानकारियों के आधार पर जौनपुर और गाजीपुर से संदिग्ध गतिविधियों वाले चार लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हालांकि बारदात के छठें दिन भी पुलिस हत्याकर रुपये से भरा बैग लूटने वाले बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। 22 जुलाई की रात पाइप व्यवसायी धर्मेंद्र के घर के सामने बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी और पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए थे।
सारनाथ थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से वारदात में शामिल रहे चंदौली और बनारस निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया। तब से लेकर अब तक तफ्तीश आगे नहीं बढ़ पाई और सारा मामला पूछताछ व छापेमारी तक ही सीमित है।
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए लगाई गई पुलिस टीमें निरंतर छापेमारी और संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। संभावना है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
दो से तीन दिन में खुलासे का दिया था आश्वासन :
व्यवसायी धर्मेंद्र के परिजनों को ढांढस बंधाने गए एडीजी जोन बृज भूषण और आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने दो से तीन दिन में वारदात का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का वादा किया था। हालांकि एक हफ्ता बीतने को आया और प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई का कोई प्रभावी असर नहीं दिखा। इसे लेकर पीड़ित परिवार के साथ ही व्यापारियों में भी खासी नाराजगी है।