ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत
मिर्जापुर की तरफ से ट्रक पर छड़ लादकर राजेंद्र सिंह बाबतपुर के रास्ते जौनपुर के लिए निकला था। वहीं, राजदेव यादव ट्रक पर मैदा लादकर जौनपुर से मिर्जापुर के कछवां जा रहा था। राजेंद्र का ट्रक जब वरुणा नदी के ऊपर बने कालिकाधाम पुल के पास पहुंचा तभी आगे का दाहिना टायर ब्रस्ट हो गया। इस वजह से अनियंत्रित होकर वह सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के गांवों तक आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी।
हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे एसओ कपसेठी अखिलेश कुमार मिश्रा ने क्रेन मंगवाकर दोनों ट्रकों को किनारे कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। एसओ कपसेठी ने बताया कि राजदेव यादव को उसके घरवाले बेहतर इलाज के लिए अपने साथ ले गए हैं। राजेंद्र और गामा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के साथ ही उनके घरवालों को सूचना दे दी गई है। उनके परिवार के लोग बरेली से यहां आने के लिए रवाना हो चुके हैं।