जौनपुर: फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने ट्रक चालक को पेट्रोल छिड़क कर जलाया, गंभीर
जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर बुधवार दोपहर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने बकाया न मिलने पर ट्रक चालक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे चालक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस का दावा है कि चालक ने विवाद के बाद खुद आग लगाई है। मामले की जांच की जा रही है।
आजमगढ़ के सरायमीर कोतवाली क्षेत्र के पेड़रा गांव निवासी सत्यप्रकाश राय (51) अपना ट्रक खुद चलाते हैं। उनका पुत्र श्यामानंद इसी ट्रक पर सहयोगी के रूप में रहता है। पिता-पुत्र दोनों बुधवार को मध्य प्रदेश के रीवा से ट्रक पर गिट्टी लादकर आजमगढ़ जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रक के बदलापुर पहुंचने के बाद इंडिगो कार सवार चार लोगों ने ट्रक रोक लिया।
कार सवार खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए साढ़े तीन लाख रुपये बकाया मांगने लगे। ट्रक चालक ने कोरोना संक्रमण के कारण सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए लोन वसूली में राहत देने की बात की। इसको लेकर दोनों मेें नोकझोंक शुरू हो गई।
श्यामानंद के मुताबिक, विवाद के दौरान कार सवारों ने उसके पिता सत्यप्रकाश पर बोतल से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस पर लोग जुट गए और चालक पर कंबल फेंककर आग बुझाई। उधर, भाग रहे कार सवारों में से दो लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को बदलापुर सीएचसी पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुंबई की मलप्पा फाइनेंस कंपनी से सत्यप्रकाश ने ट्रक फाइनेंस कराया था। किस्त जमा न करने के कारण कंपनी के कर्मचारियों ने ट्रक को रोक लिया। इसके बाद उनकी चालक से झड़प हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद के बाद चालक द्वारा ट्रक में रखे डीजल से खुद आग लगाने की जानकारी दी है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
त्रिभुवन सिंह, एएसपी ग्रामीण