त्योहार पर यात्रा मुश्किल: 15 नवंबर तक ट्रेनों में जगह नहीं, वंदे भारत, राजधानी, अमृत भारत रिग्रेट; परेशानी
त्योहारों के दौरान वाराणसी आने वाली ट्रेनों में 15 नवंबर तक सीटों की भारी किल्लत है। वंदे भारत, राजधानी और अमृत भारत समेत कई ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति है। दिल्ली से आने वाली 15 और मुंबई से आने वाली नौ ट्रेनों में कन्फर्म सीट उपलब्ध नहीं है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
विस्तार
दीपावली में केवल 10 दिन बचे हैं। छठ भी 12 नवंबर से शुरू हो जाएगा। सूर्य भगवान को अर्घ्य 15 नवंबर को दिया जाएगा। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, सूरत से बहुत से लोगों ने घर आने की तैयारी शुरू कर दी है।
रेलवे की ओर से नियमित ट्रेनों के साथ ही कई स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही हैं। इसके बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी। स्थिति यह है कि अगले महीने में दीपावली के बाद 15 नवंबर तक ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट है, वहीं दीपावली के पास की तिथियों में रिग्रेट की स्थिति हो गई है। जिससे रिजर्वेशन ही नहीं हो पाएगा। इसमें वंदेभारत, राजधानी सहित सहित कई स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
दिल्ली से वाराणसी रूट पर 15 से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इसमें सामान्य दिनों में जहां वंदेभारत ट्रेन में यात्रा के एक दिन पहले तक टिकट मिल जाता है, उस ट्रेन में भी 15 नवंबर तक कोई जगह नहीं है। राजधानी जैसी वीआईपी ट्रेन का भी यही हाल है। उधर लोकमान्य तिलक (मुंबई) से आने वाली ट्रेनों के स्लीपर से लेकर एसी कोच तक लंबी वेटिंग होने की वजह से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस रूट पर नियमित ट्रेन के साथ ही स्पेशल ट्रेन को मिलाकर 9 ट्रेनें चलती हैं।
कैंट रेलवे स्टेशन के तीसरे द्वार पर टिकट काउंटर का इंतजार
कैंट रेलवे स्टेशन पर बने तीसरे द्वार से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही शुरू तो हो गई है लेकिन अब तक यात्रियों को टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म एक के पास बने टिकट हाॅल में ही जाना पड़ रहा है। ये स्थिति तब है जब तीसरे द्वार से लोग प्लेटफॉर्म नंबर 10-11 पर इंदौर, लखनऊ, उज्जैन, प्रतापगढ़, बरेली, चंडीगढ़, अंबाला आदि रूट पर ट्रेन पकड़ने पहुंचते हैं। यहां गेट पर ही टिकट घर बना है। यात्रियों के लिए एक्सेलेटर भी लगाया गया है लेकिन कब से टिकट मिलना शुरू होगा और एक्सेलेटर कब शुरू होगा, कुछ तय नहीं है।
कैंट स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म पर इस समय पहले, दूसरे प्रवेश द्वार से हर दिन बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं। त्योहारों के समय भीड़ अधिक हो जाती है, इसको देखते हुए ही यहां मालगोदाम रोड साइड में तीसरा प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। यहां एक फुटओवरब्रिज बनाया गया है, जिसके माध्यम से यात्री प्लेटफॉर्म 10-11 तक पहुंचते हैं।
दीपावली, छठ पर्व, देव दीपावली जैसे त्योहार पर काशी में दूर दराज से लाखों लोग आएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिहाज से बनाए गए तीसरे द्वार पर अब तक सुविधा के नाम पर कुछ शुरू नहीं हो सका है। टिकट घर बनाया गया है, यात्रियों के लगेज स्कैनर के लिए मशीन भी लंबे समय से रखी गई है लेकिन इन सुविधाओं का लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है।
उत्तर रलवे के एडीआरएम बीके यादव का कहना है कि स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ही एक तीसरा प्रवेश द्वार बनाया गया है। यहां टिकट घर बनाया गया है। बस मानव संसाधन सहित कुछ जरूरी औपचारिकताएं हैं, जिसके पूरा होते ही टिकट घर शुरू हो जाएगा। यात्रियों को राहत मिले, इसके लिए एक्सेलेटर भी लगा है। इसका काम भी पूरा होते ही शुरू हो जाएगा।
यह है ट्रेनों का स्टेटस
- 22436 वंदेभारत एक्सप्रेस-14 नवंबर तक चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास में कन्फर्म सीट नहीं। वेटिंग लिस्ट लंबी।
- 20504 राजधानी एक्सप्रेस- 14 नवंबर तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म सीट नहीं। दीपावली से पहले दो दिन तक रिग्रेट है।
- 04096-आनंद विहार से पाटलिपुत्र तक 15 नवंबर तक कंफर्म सीट तो नहीं है। कई तिथियों में है।
- 12392-श्रमजीवी एक्सप्रेस-इस ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से यात्रा मुश्किल हो सकती है।
- 22416 वंदेभारत एक्सप्रेस-नई दिल्ली से मंगलवार छोड़ हर दिन चलने वाली इस ट्रेन में भी वेटिंग लिस्ट लंबी है।
- 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस-इस ट्रेन में स्लीपर से लेकर एसी कोच में कोई जगह दीपावली के सप्ताह भर बाद तक नहीं है।
- 22418 महामना एक्सप्रेस-सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को वाराणसी आने वाली इस ट्रेन में भी वेटिंग लिस्ट लंबी है।
लोकमान्य तिलक से वाराणसी
- 15017-लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस -हर दिन चलने वाली इस ट्रेन में भी सभी श्रेणी में कन्फर्म सीट नहीं है।
- 22177-महानगरी एक्सप्रेस-सप्ताह में सभी दिन चलने वाली इस ट्रेन के स्लीपर कोच मे 15 नवंबर तक वेटिंग लिस्ट 100 के पार है।
- 11061-एलटीटी जयनगर एक्सप्रेस-हर दिन चलने वाली इस ट्रेन में कोई भी कन्फर्म सीट नहीं है। इस वजह से लोगों को परेशानी होगी।
- 11071-कामायनी एक्सप्रेस-इस ट्रेन में भीड़ खूब होती है। इसमें भी 15 नवंबर तक रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहा है।
- 11047-दादर गोरखपुर एक्सप्रेस-इसमें 15 नवंबर तक कोई कंफर्म सीट नहीं है। दीपावली से पहले2-3 दिन रिग्रेट है।