{"_id":"72ecc183baa2261848efd55a7f31aa36","slug":"setback-to-shot-down-four-lakh-showing-taken-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"धक्का दे गिराया, तमंचा दिखा चार लाख ले गए","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
धक्का दे गिराया, तमंचा दिखा चार लाख ले गए
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
Updated Sat, 26 Sep 2015 01:52 AM IST
विज्ञापन
फूलपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने डीरेकाकर्मी अमरनाथ पटेल से चार लाख रुपये और बाइक लूट ली। अमरनाथ फूलपुर के रतनपुर गांव निवासी अपने जीजा के घर से चार लाख रुपये लेकर डीरेका आ रहे थे। रुपये बाइक की डिक्की में रखे थे।
विज्ञापन
दोहर करीब तीन बजे रघुनाथपुर गांव के पास बदमाशों ने पहले उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और फिर तमंचे से आतंकित कर रुपये और बाइक लूट ले गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा।
विज्ञापन
डीरेका में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अमरनाथ पटेल डीरेका परिसर में ही रहते हैं। शहर में जमीन खरीदने के सिलसिले में वह शुक्रवार की सुबह रतनपुर गांव निवासी अपने जीजा डॉ. शोभनाथ से चार लाख रुपये उधार लेने गए। जीजा के यहां से रुपये लेकर उन्होंने उसे बाइक की डिक्की में रख दिया और डीरेका आने लगे।
विज्ञापन
दोपहर करीब तीन बजे रघुनाथपुर गांव के पास पहुंचने पर तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। गिरते ही एक बदमाश ने उन्हें तमंचा सटा दिया। फिर बाइक लूटकर सभी बदमाश बाबतपुर की ओर से भाग निकले।
डीरेकाकर्मी ने सौ नंबर पर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में वाहनों की चेकिंग की गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। जिस तरीके से घटना को अंजाम दिया गया, उससे लगता है कि बदमाश रतनपुर से ही डीरेकाकर्मी के पीछे लग गए थे।
कुछ दिनों पहले भी बदमाशों ने फूलपुर क्षेत्र से एक बाइक लूटी थी। एसओ फूलपुर विनोद बाबू मिश्रा का कहना है कि आशंका है बदमाश रतनपुर से ही पीछा कर रहे थे। पुलिस को कुछ क्षेत्रीय बदमाशों पर शक है। उनकी तलाश की जा रही है।